फैजगंज बेहटा के खेड़ादास गांव में फिर दो घरों में चोरी
Badaun News - बदायूं के फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। हाल ही में खेडादास गांव में दो बंद मकानों में चोरी हुई, जहां चोरों ने बर्तन, कपड़े और नगदी चुराई। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है, जबकि ग्रामीणों में दहशत और आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

बदायूं। फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरियां रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। पुलिस पुरानी चोरी की घटनाओं का खुलासा भी नहीं कर पाई थी कि तब तक चोरों ने दो बंद मकानों को फिर से निशाना बना डाला। चोर घरों में रखे बर्तन, कपड़े और नगदी ले गए। चोरी की वारदात फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के खेडादास गांव में शुक्रवार रात हुई। यहां चोरों ने गांव के रहने वाले गोविंद और बाबूराम प्रजापति के पद मकानों को निशाना बनाते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया और घर में रखे बर्तन, कपड़े और कुछ नगदी लेकर फरार हो गए।
शनिवार सुबह घरों के ताले टूटे हुए देखे तो लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। गांव के लोगों ने बताया कि गोविंद और बाबूराम दिल्ली में रहकर मेहनत मजदूरी करते हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। खेडादास गांव में ही 11 फरवरी की रात को छह घरों के नौ परिवारों में चोरी की वारदात हुई थी, जिसका खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में दहशत और पुलिस के प्रति आक्रोश है। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार वर्मा ने बताया कि दो घरों में चोरी की जानकारी मिली है। मामले की जांच की जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


