
ट्रक से टकराई भाजपा नेता के बेटे की थार, सिपाही से मारपीट
Badaun News - -सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के संतोख तिराहे के पास ट्रक में पीछे से टकराकर क्षतिग्रस्त हुई थार।
बदायूं। भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष के बेटे और उसावां ब्लॉक प्रमुख के भतीजे की थार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई, जिसके बाद मौके पर हालात बिगड़ गए। स्थिति संभालने पहुंचे सिपाही से आरोपी युवक ने गालीगलौज करते हुए मारपीट कर दी। हंगामे के बीच पुलिस ने ट्रक और थार कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया, जबकि घटना के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हैं। मामला सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के संतोख तिराहे के पास का है, जहां बरेली में रहने वाले भाजपा नेता राजीव सिंह का बेटा रजत प्रताप सिंह बुधवार रात एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद मंडी समिति से ओवरब्रिज की तरफ लौट रहे थे।

जैसे ही उसकी थार संतोख तिराहे के पास पहुंची, वैसे ही सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा टकराई। टक्कर के बाद रजत और गाड़ी में मौजूद उसके साथियों ने जमकर हंगामा शुरू कर दिया, तो वहां मौजूद राहगीरों ने पूरे घटनाक्रम के वीडियो बना लिए। सूचना पर चीता मोबाइल पर तैनात कांस्टेबल लवकेश कुमार और पवन कुमार मौके पर पहुंचे, लेकिन रजत सिंह ने उन पर भी गालीगलौज कर मारपीट शुरू कर दी, जिससे स्थिति और बिगड़ गई। मारपीट की सूचना बढ़ने के बाद सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपी वहां से फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने ट्रक और थार दोनों को कब्जे में लेकर मौके पर ही जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी रजत के खिलाफ मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने और गाली-गलौज की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। भाजपा नेता राजीव सिंह का कहना है कि उनके बेटे की कार पीछे से ट्रक से टकरा गई। जिसके बाद वहां से गुजर रहे सिपाही ने अभद्रता की। उनके बेट से रुपये की मांग की। मना करने पर विवाद करने लगा। मारपीट की कोशिश की, जब झगड़ा हुआ। यह वहीं सिपाही है, जिसने लेखपाल से मारपीट की थी। वे भी इस मामले की सिपाही के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करायेंगे। सड़क हादसे की सूचना पर चीता मोबाइल पर तैनात कांस्टेबल लवकेश कुमार व पवन कुमार मौके पर पहुंचे तो रजत प्रताप सिंह ने उनके साथ गालीगलौज करते हुए मारपीट की। इस आधार पर उसके खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और सरकारी काम में बाधा डालने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि आरोपी की तलाश की जा रही है। उमेश कुमार, इंस्पेक्टर, क्राइम सिविल लाइंस कोतवाली हादसे के बाद वीडियो वायरल ट्रक से टकराने के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों ने पूरी स्थिति के वीडियो बना लिए, जिनमें थार के भीतर शराब की खाली बोतलें, नमकीन के रैपर और पानी की बोतल भी साफ दिखाई दे रही हैं। हादसे के बाद रजत प्रताप थार को लेकर भागने की कोशिश करता रहा, लेकिन टक्कर की वजह से गाड़ी स्टार्ट नहीं हो पाई। इसी बीच मौके पर पहुंचे सिपाहियों से उसने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और अफरा-तफरी का फायदा उठाकर वहां से फरार हो गया। घटनास्थल के ये वीडियो और फोटो देर रात से ही सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। नेता के यहां से शादी में से लौट रहा था रजत रजत प्रताप सिंह और उसके साथी एक बड़े नेता के यहां आयोजित शादी समारोह से वापस लौट रहे थे। संतोख तिराहे के पास उनकी थार सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा टकराई, जिसके बाद रजत और उसके साथी सड़क पर हंगामा करने लगे। मौके पर मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम के वीडियो बना लिए। तभी चीता मोबाइल के सिपाही पहुंचे तो रजत ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट कर दी, जिसके बाद वह मौके से फरार हो गया। एक घन्टे तक हुआ हंगामा हादसे के बाद संतोख तिराहे पर करीब एक घंटे तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। ट्रक से भिड़ी थार के पास जुटी भीड़ में रजत प्रताप सिंह और उसके साथियों का हंगामा चलता रहा, जिसके कारण यातायात भी धीमा पड़ गया। इसी दौरान लोगों ने मोबाइल पर वीडियो बना लिए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति संभालने की कोशिश की, लेकिन रजत प्रताप गाली-गलौज और मारपीट के बाद मौके से निकल गया, जिससे हालात और तनावपूर्ण बने रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


