अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार चाचा की मौत, भतीजा घायल
Badaun News - बदायूं में एक अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार चाचा श्रीपाल की मौत हो गई, जबकि उनका भतीजा आकाश घायल हो गया। आकाश होली के पर्व पर रोहतक से इस्लामनगर आया था। हादसे के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

बदायूं। अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार चाचा की मौत हो गई, जबकि उनका भतीजा घायल हो गया। घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। भतीजा होली के पर्व पर रोहतक से बस द्वारा इस्लामनगर के पास पहुंचा था और वहां से चाचा के साथ बाइक से गांव जा रहा था। रास्ते में हुए हादसे के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की पड़ताल शुरू कर दी है। हादसा इस्लामनगर थाना क्षेत्र के बिसौली–इस्लामनगर रोड स्थित हेमपुर गांव के पास हुआ। थाना क्षेत्र के रामनगर सैदपुर उर्फ मुड़खोड़ा निवासी श्रीपाल 48 वर्ष पुत्र मुरलीधर अपने भतीजे आकाश 18 वर्ष पुत्र बुद्धसेन को लेने रोहतक से बस द्वारा इस्लामनगर पहुंचे थे।
इसके बाद दोनों बाइक से गांव लौट रहे थे। हेमपुर गांव के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें रुदायन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां डॉक्टर ने श्रीपाल को मृत घोषित कर दिया, जबकि आकाश का उपचार जारी है। घटना के बाद पुलिस ने श्रीपाल के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजनों ने बताया कि श्रीपाल तीन भाइयों में सबसे छोटे थे और अविवाहित थे। उनके बड़े भाई रोहतक में परिवार सहित रहते हैं। आकाश होली के पर्व पर गांव आया था। थानाध्यक्ष उदयवीर सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन की टक्कर से हादसा हुआ है, एक व्यक्ति की मौत और एक युवक घायल हुआ है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


