
विद्युत संविदा कर्मियों ने कार्यवृत की जलाई प्रतियां
Badaun News - बदायूं में विद्युत संविदाकर्मियों ने अधीक्षण अभियंता कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। कर्मियों ने प्रबंधन पर वायदाखिलाफी और शोषण का आरोप लगाया। उन्होंने अपनी मांगों के समर्थन में ज्ञापन सौंपा और कार्यवृत की प्रतियां जलाई। कर्मचारियों ने कहा कि प्रबंधन उनकी मांगों की अनदेखी कर रहा है।
बदायूं,संवाददाता। विद्युत संविदाकर्मियों ने शनिवार को अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। आक्रोशित संविदाकर्मियों ने प्रबंधन पर वायदाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रबंधन कर्मियों का शोषण करने पर उतारू है। विरोध प्रदर्शन के बाद कर्मियों ने जारी कार्यवृत की प्रतियां जलाई। संविदाकर्मियों का कहना है कि पॉवर कारपोरेशन व संविदा कर्मचारी संगठन की बीच हुए समझौते को दरकिनार कर प्रबंधन ने अपने आदेशों का ही उल्लंघन किया है। कर्मचारियों का कहना है कि विद्युत उपकेंद्रों के परिचालन व अनुरक्षण कार्य में तैनात कर्मचारियों की छटनी समेत 55 वर्ष आयु का हवाला देकर अनुभवी कर्मचारियों को हटाना व घायल कर्मचारियों का कैशलेस इलाज न कराना आदि मांगों को प्रबंधन द्वारा लगातार अनदेखी की जा रही है।
इसके अलावा संविदाकर्मियों की अन्य मांगों पर प्रबंधन द्वारा कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। जिससे कर्मचारियों में आक्रोश है। कर्मचारियों ने प्रबंधन पर समझौते का उल्लंघन करने का आरोप लगाया है। संविदाकर्मियों ने अपनी मांगो के समर्थन में ऊर्जा मंत्री को संबोधित ज्ञापन अधीक्षण अभियंता को सौंपा। इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष हर्षवर्धन, प्रदेश संगठन मंत्री हरीश चंद्र यादव, जिलाध्यक्ष धीरेंद्र कुमार सिंह रंजीत सिंह, जगतपाल, सुनील कुमार, विवेक शर्मा, सुरेश चंद्र पाल, रामसेवक, महावीर सहित बड़ी संख्या में संविदा कर्मचारी उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




