ग्राहकों के रुपये लेकर फरार कंपनी अमर ज्योति के एजेंट से मारपीट
Badaun News - शहर में अमर ज्योति कंपनी का एजेंट करोड़ों रुपये लेकर फरार हो गया था। शनिवार को उसे पकड़ लिया गया, जिससे विवाद शुरू हुआ। पुराने निवेश के पैसे मांगने पर मारपीट हुई और सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और पुलिस ने जांच शुरू कर दी।
शहर में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब करोड़ों रुपये लेकर फरार अमर ज्योति कंपनी का एजेंट लोगों के हत्थे चढ़ गया। पुराने निवेश के रुपये मांगने पर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। सड़क पर जमकर हाथापाई हुई, ईंट-पत्थर चले और पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया मामला सदर कोतवाली क्षेत्र के मथुरिया गेट के पास का है। शनिवार को शहर के लोगों का करोड़ों रुपये लेकर करीब एक साल पहले फरार हुई अमर ज्योति कंपनी के एजेंट को कुछ लोगों ने पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि जैसे ही एजेंट लोगों के सामने आया, उससे पुराने लेनदेन को लेकर कहासुनी शुरू हो गई।
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और एजेंट की पिटाई शुरू हो गई। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए, जिससे माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया। कुछ ही देर में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई। मारपीट के दौरान सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। इसी बीच किसी ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर हमला करते नजर आ रहे हैं। घटना के बाद दोनों पक्ष सदर कोतवाली पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और तहरीरों के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



