21 सेकेंड में बाबू को जड़े 3 थप्पड़, धक्का-मुक्की में चली गोली; वकील हत्याकांड के CCTV से खुले राज

Feb 13, 2026 10:07 am ISTsandeep लाइव हिन्दुस्तान, संवाददाता, रामपुर
share

रामपुर में अधिवक्ता फारूख खां हत्याकांड के वायरल सीसीटीवी वीडियो में बाबू और वकील के बीच विवाद, थप्पड़ और हाथापाई के दौरान गोली चलने का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। जिसमें वकील 21 सेकेंड में बाबू को 3 थप्पड़ मारता है। जिसके बाद धक्कामुक्की में गोली चल जाती है।

21 सेकेंड में बाबू को जड़े 3 थप्पड़, धक्का-मुक्की में चली गोली; वकील हत्याकांड के CCTV से खुले राज

रामपुर जिले में जिला पंचायत परिसर में हुए अधिवक्ता फारूख अहमद खां हत्याकांड में गुरुवार को वायरल हुए दो सीसीटीवी वीडियो ने पूरे घटनाक्रम को लेकर नई चर्चाएं शुरू कर दी हैं। करीब तीन मिनट नौ सेकेंड के इन दोनों वीडियो में अधिवक्ता और जिला पंचायत कार्यालय के बाबू असगर अली के बीच हुए विवाद से लेकर गोली चलने तक की पूरी घटना क्रमवार दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। हालांकि वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है और पुलिस ने उन्हें कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वास्तविक स्थिति जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

वकील हत्याकांड से जुड़े वीडियो वायरल

घटनाक्रम से जुड़ा पहला वीडियो एक मिनट 49 सेकेंड का बताया जा रहा है। इसमें जिला पंचायत कार्यालय के अंदर बाबू असगर अली अपने कार्यालय में बैठकर काम करते नजर आते हैं। इसी दौरान अधिवक्ता फारूख खां अपने एक साथी और पत्नी के साथ वहां पहुंचते हैं। वीडियो के अनुसार दोनों के बीच किसी मुद्दे को लेकर कहासुनी शुरू होती है। कुछ ही सेकेंड बाद विवाद बढ़ जाता है और अधिवक्ता बाबू को थप्पड़ मारते दिखाई देते हैं।

21 सेकेंड में बाबू को वकील ने जड़े 3 थप्पड़

बताया जा रहा है कि करीब 21 सेकेंड के भीतर तीन थप्पड़ मारे गए। इसके बाद दोनों के बीच तीखी बहस जारी रहती है। इसी दौरान बाबू असगर अली मोबाइल निकालकर किसी को फोन करता है, जिसके बाद कार्यालय का एक अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचता है और दोनों के बीच समझाने-बुझाने का प्रयास करता है। वह अधिवक्ता को दफ्तर से बाहर ले जाता हुआ भी दिखाई देता है।

धक्का-मुक्की में चली गोली

दूसरा वीडियो करीब 40 सेकेंड का बताया जा रहा है। इसमें विवाद दोबारा बढ़ता दिखाई देता है। वीडियो के अनुसार बाबू असगर अली पिस्टल निकालता है, जिसे देखकर अधिवक्ता फिर से अंदर आ जाते हैं और पिस्टल छीनने की कोशिश करते हैं। इसी दौरान दोनों के बीच धक्का-मुक्की और हाथापाई शुरू हो जाती है। हाथापाई के दौरान दोनों दफ्तर में रखी कुर्सी पर गिरते दिखाई देते हैं और इसी बीच गोली चल जाती है, जिससे अधिवक्ता को गोली लग जाती है। गोली चलने के बाद आरोपी वहां से भागने की कोशिश करता है। बताया जा रहा है कि बाहर निकलते समय उसने एक महिला कर्मचारी पर पिस्टल की बट से हमला भी किया।

रामपुर समेत कई जिलों में प्रदर्शन

घटना के बाद अधिवक्ता फारूख खां को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे वकील समुदाय में भारी आक्रोश फैल गया। गुरुवार को रामपुर सहित मुरादाबाद, संभल और अमरोहा जिलों में अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्य का पूर्ण बहिष्कार कर विरोध प्रदर्शन किया। कचहरी परिसर में नारेबाजी और हंगामा भी हुआ।

एक महीने में सजा, 5 करोड़ मुआवजे की मांग

अधिवक्ताओं ने मुख्यमंत्री के नाम जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, मामले की त्वरित न्यायालय में सुनवाई, एक माह के भीतर सजा सुनिश्चित करने और मृतक के परिवार को पांच करोड़ रुपये मुआवजा देने की मांग की है। साथ ही अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिए उत्तर प्रदेश में अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की भी मांग उठाई गई है।पुलिस ने कहा है कि वायरल वीडियो समेत सभी साक्ष्यों की गहन जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

sandeep

लेखक के बारे में

sandeep
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result, UP Board 10th Result, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।