आजमगढ़् में चुनावी रंजिश में लाठी व चाकू से युवक की हत्या, एक घायल
क्षेत्र के रामपुर गांव में शुक्रवार की पट्टा में मिली पोखरी की खुदाई व चुनावी रंजिश में लाठी डंडे व चाकू से वार कर 42 वर्षीय युवक की हत्या कर दी...
मेंहनगर ( आजमगढ़) । हिन्दुस्तान संवाद
क्षेत्र के रामपुर गांव में शुक्रवार की पट्टा में मिली पोखरी की खुदाई व चुनावी रंजिश में लाठी डंडे व चाकू से वार कर 42 वर्षीय युवक की हत्या कर दी गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। युवक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज किया। एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।
रामपुर गांव निवासी 42 वर्षीय अजीत सिंह पुत्र रामचेत सिंह को पट्टा में पोखरी आवंटित हुई। वह पोखरी की खुदाई करा रहा है। विपक्ष के लोगों से चुनाव को लेकर रंजिश चल रही है। विपक्ष के लोग पोखरी खुदवाने का विरोध कर रहे हैं। जिसे लेकर दोनों पक्ष में रंजिश और बढ़ गई थी। शुक्रवार की रात अजीत सिंह पड़ोस के चचेरे भाई अमर प्रताप सिंह के साथ गांव में तेरही के भोज में गए थे। दोनों रात करीब नौ बजे घर लौट रहे थे। गांव के बाहर विपक्ष के लोग घात लगा कर बैठे थे। अजीत सिंह व अमर प्रताप सिंह के आते ही विपक्ष के लोगों ने हमला कर दिया। लाठी डंडा व चाकू मार कर दोनों को घायल कर दिया। शोर गुल सुन कर परिवार के लोग पहुंचे तो हमलवार छोड़ कर फरार हो गए। परिजन दोनों घायलों को लेकर मंडलीय अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टर ने अजीत को मृत घोषित कर दिया। अमर प्रताप की हालत गंभीर देख रेफर कर दिया है। निजी अस्पताल में उसका उपचार चल रहा है। अजीत के भाई राजेश सिंह ने आरोप लगाया कि विपक्ष के लोग प्रधानी चुनाव में प्रत्याशी थे। वोट नहीं देने से रंजिश चल रही थी। विपक्ष के लोगों ने चाकू से हमला कर हत्या कर दी है। घटना की सूचान पर रात में एसपीसिटी पंकज कुमार पांडेय, अपराध निरीक्षक राजेश मिश्र, तरवा थाना प्रभारी स्वतन्त्र देव सिंह,जहानागंज थाना प्रभरी अखिलेश मिश्र मौके पर पहुंच कर जांच की। अपराध निरीक्षक ने बताया कि मृतक के भाई की तहरीर पर चार लोगों के विरूद्ध रिपोर्ट दर्ज कर घटना की जांच की जा रही है।
पोखरी के टेंडर को लेकर दोनो पक्षो में हुई थी जोर आजमाइश
मेंहनगर। क्षेत्र के रामपुर गांव में पोखरी के टेंडर को लेकर गांव प्रधान व पूर्व प्रधान में जोर आजमाइश हुई थी। वर्तमान प्रधान के पक्ष के लोगों को टेंडर मिला हुआ था। जेसीबी से शुक्रवार को पोखरी की खुदाई की जा रही थी। जिसे लेकर दोनो पक्ष में विवाद हुआ। रात में एक पक्ष ने चाकू से हमला कर अजीत सिंह की हत्या कर थी। घटना के बाद से गांव में तनाव है।
पोखरी की निलामी के लिए तहसील प्रशासन ने टेंडर निकला था। वर्तमान प्रधान व पोखरी के पास रहने वाले दूसरे पक्ष के अंकित सिंह के बीच जोर आजमाईस हुई। पोखरी का आवंटन वर्तमान प्रधान पक्ष के प्रहलाद कहार को मिला है। शुक्रवार को जेसीबी से पोखरी की खुदाई की जा रही थी। मिट्टी को एक देव स्थान पर भी डाला जा रहा था। अंकित सिंह पक्ष के लोग पोखरी खुदाई का विरोध कर रहे थे। पोखरी की खुदाई को रोक दिया था। जिसे लेकर दोनो पक्ष में विवाद हो गया, दोनो पक्ष में लाठी डंडा से मारपीट हो गई थी। इसके बाद मामला शांत हो गया था। रात में तेरही कार्यक्रम से लौटते समय अंकित सिंह पक्ष लोगों ने चाकू से हमला कर वर्तमान प्रधान पक्ष के अजीत सिंह पुत्र रामचेत सिंह की चाकू मार कर हत्या कर दी और अमर प्रताप सिंह घायल हो गए। मृतक के भाई राजेश सिंह की तहरीर पर पुलिस ने अंकित सिंह पुत्र उमेश सिंह, राहुल पुत्र हरिबंश सिंह, अजीत सिंह पुत्र यदुनाथ सिंह व शैलेश उर्फ मिन्टू सिंह पुत्र कमला सिंह के खिलाफ रिपोर्ट की है। अजीत सिंह सिंहपुर बाजार में आरो प्लांट चलाता था। उसे चार बेटी व एक बेटा हैं। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा है। पत्नी बच्चों सहित पूरा परिवार रो-रो कर बेहाल हैं।