युवती ने इंस्टा पर डाला खुदकुशी का पोस्ट, पहुंची पुलिस

Apr 06, 2026 12:17 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, आजमगढ़
share

Azamgarh News - आजमगढ़ में एक 19 वर्षीय युवती ने पारिवारिक विवाद और मानसिक तनाव के कारण आत्महत्या करने का प्रयास किया। उसने इंस्टाग्राम पर दवाइयां लेते हुए वीडियो पोस्ट किया। मेटा की सूचना पर पुलिस आठ मिनट में पहुंची और उसे अस्पताल ले गई, जहां उसकी जान बचाई गई। युवती ने अब भविष्य में ऐसा कदम न उठाने का वादा किया।

युवती ने इंस्टा पर डाला खुदकुशी का पोस्ट, पहुंची पुलिस

आजमगढ़, संवाददाता। एक युवती ने आत्महत्या करने के इरादे से रविवार की रात को अत्यधिक मात्रा में दवाइयां खाते हुए इंस्ट्राग्राम पर पोस्ट करते हुए वीडियो भी अपलोड कर दी थी। ‘मेटा’ ने पोस्ट का संज्ञान लेकर तत्काल पुलिस मुख्यालय पर अलर्ट भेजा। जिसके बाद सक्रिया हुई सिधारी थाने की पुलिस आठ मिनट के भीतर युवती के घर पहुंच गई। युवती का अस्पताल में उपचार कराया गया। पुलिस के मुताबिक सिधारी थाना क्षेत्र की निवासी 19 वर्षीय युवती ने पारिवारिक विवाद और मानसिक तनाव के चलते इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट साझा की थी। पोस्ट में उसने लिखा ‘मैं भी और मेरी स्टोरी भी लास्ट है, क्योंकि मैं जा रही हूं अपनी अम्मी के पास’ और साथ ही अत्यधिक मात्रा में दवाइयां खाते हुए वीडियो भी अपलोड किया।

रविवार की रात 10:18 बजे इस पोस्ट का अलर्ट मेटा कंपनी द्वारा पुलिस मुख्यालय लखनऊ स्थित सोशल मीडिया सेंटर को ई-मेल के माध्यम से प्राप्त हुआ। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर तत्काल युवती की लोकेशन ट्रेस कर आजमगढ़ पुलिस को सूचना दी गई।सूचना मिलते ही थाना सिधारी की पुलिस टीम मात्र 8 मिनट के भीतर मौके पर पहुंच गई। उस समय युवती घर में रो रही थी और दवाइयों के असर से उसकी हालत बिगड़ चुकी थी। पुलिसकर्मियों ने बिना देरी किए परिजनों की मदद से उसे एंबुलेंस द्वारा अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने तत्काल इलाज शुरू कर उसकी जान बचा ली।होश में आने के बाद युवती ने बताया कि मां के निधन के बाद वह खुद को बेहद अकेला महसूस कर रही थी। हाल ही में बहन से हुए विवाद और पारिवारिक तनाव के चलते वह अवसाद में चली गई थी, जिसके कारण उसने यह कदम उठाया। युवती की काउंसलिंग भी कराई गई। युवती ने भविष्य में ऐसा कदम न उठाने का आश्वासन दिया। वहीं, परिजनों ने पुलिस की तत्परता के लिए आभार व्यक्त किया। गौरतलब है कि वर्ष 2022 से उत्तर प्रदेश पुलिस और मेटा कंपनी के बीच इस तरह की व्यवस्था लागू है, जिसके तहत सोशल मीडिया पर आत्महत्या से जुड़ी पोस्ट पर तुरंत अलर्ट जारी किया जाता है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।