-सपा-कांग्रेस के एजेंडे में नहीं है विकास, गरीब कल्याण और संविधान का सम्मान : योगी
Azamgarh News - मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विकास, गरीब कल्याण और संविधान का सम्मान सपा और कांग्रेस के एजेंडे में नहीं है। भाजपा दुनिया का एकमात्र दल है, जो

आजमगढ़। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विपक्ष के एजेंडे में संविधान का सम्मान नहीं है। कांग्रेस ने देश का संविधान अधूरा छोड़ दिया था, जिसे प्रधानमंत्री मोदी ने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाकर पूरा कराया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बनने से पहले से ही आजमगढ़ से मेरा नाता है, यहां का विकास मेरी प्राथमिकता है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने आजमगढ़ के मिरिया रेहड़ा गांव में सोमवार को श्री बाबा गोरखनाथ कृपा मिल्क प्रोड्यूसर कंपनी के दुग्ध अवशीतन केंद्र (चिलिंग प्लांट) का उद्घाटन किया। इसके बाद जनसभा में सीएम ने सपा और कांग्रेस पर सीधे तंज कसा। उन्होंने कहा कि सपा और कांग्रेस की सरकारें राम मंदिर निर्माण में बाधक थीं।
लेकिन जब डबल इंजन की सरकार बनी तो अयोध्या का विवाद खत्म हो गया। भव्य मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त हुआ। वहीं आज हर गरीब को शौचालय, आवास, फ्री राशन, उज्ज्वला गैस, बिजली कनेक्शन और इलाज के लिए आयुष्मान कार्ड मिल रहा है। यह काम सपा-बसपा और कांग्रेस भी कर सकती थीं, लेकिन विकास, गरीब कल्याण और संविधान का सम्मान उनके एजेंडे में नहीं था।देश को प्रथम मानती है भाजपासीएम ने कहा कि आज भाजपा का स्थापना दिवस है। भाजपा ने अपने 46 वर्ष आज पूरे कर लिए। भाजपा दुनिया की इकलौती पार्टी है, जो कहती है कि देश प्रथम, दल और व्यक्ति उसके बाद। वहीं सपा-कांग्रेस समेत अन्य दूसरे दल कहते हैं कि मैं रहूं और मेरा परिवार रहे। उन्होंने कहा कि 1980 में आज के दिन जनसंघ का गठन हुआ था। अटल-आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी के संघर्षों से जो यात्रा शुरू हुई है, आज वह दुनिया के सबसे बड़े राजनीतिक दल के रूप में विश्व का मार्गदर्शन कर रही है। जनसंघ और भाजपा के संस्थापकों ने जो सोचा था उसे प्रधानमंत्री मोदी ने पूरा कर दिया है। जनसंघ संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने एक विधान, एक प्रधान और एक संविधान का नारा दिया था। प्रधानमंत्री मोदी ने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 खत्म कर उस नारे को पूरा किया।-----------------------आजमगढ़ को सीएम ने दी तमसा गार्डेन इन्क्लेव की सौगातआजमगढ़, वरिष्ठ संवाददाता। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मिरिया रेहड़ा गांव में दुग्ध अवशीतन केंद्र का शुभारंभ करने के दौरान आजमगढ़ को बड़ी सौगात दी। उन्होंने कहा कि शहर से सटे कोटिला में सात सौ करोड़ रुपये की लागत से तमसा गार्डेन इन्क्लेव का निर्माण कराया जाएगा। इसमें दो सौ से अधिक लोगों को भूखंड दिया जाएगा। जिससे हजारों लोगों के आवास का सपना पूरा होगा।इसके साथ ही यहां व्यवसायिक काम्पलेक्स, ओपेन जिम, पार्क, अस्पताल, विद्युत उपकेंद्र और स्कूल का निर्माण कराने के साथ सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। सीएम ने कहा कि आजमगढ़ का अपना महत्व है। यह ऋषियों-मुनियों, विचारकों और स्वाधीनता आंदोलन से जुड़े लोगों की भूमि है। वीर कुंवर सिंह ने यहीं अपना शौर्य दिखाते हुए फिरंगियों को भागने पर मजबूर कर दिया था। आजमगढ़ से मेरा रिश्ता मुख्यमंत्री बनने से पहले से है। आपने यहां से एक मुख्यमंत्री को जिताया था। जिन लोगों को चुनाव जीताकर भेजा, उन्होंने यहां के लिए कुछ भी नहीं किया। डबल इंजन की सरकार ने यहां विकास के कई महत्वपूर्ण कार्य कराए। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की कनेक्टिविटी यहां के लोगों के लिए सबसे बड़ी सौगात है। पहले लखनऊ जाने में छह घंटे लग जाते थे। प्रयागराज-गोरखपुर और वाराणसी जाने में पापड़ बेलने पड़ते थे। हमने बेहतरीन इंफ्रास्ट्रक्चर और और हाईवे बनाकर दूरी कम की है। अब आजमगढ़ से तीन घंटे में लखनऊ और डेढ़ घंटे में लोग आसानी से गोरखपुर पहुंच जा रहे हैं। वोटबैंक के चक्कर में पिछली सरकारों ने महाराजा सुहेलदेव को भूला दिया था। हमने उनके नाम पर विश्वविद्यालय का निर्माण कराया। विश्वविद्यालय के निर्माण को लेकर आजमगढ़ का एक प्रतिनिधिमंडल हमसे मिलने आया था। कहा कि हम आजमगढ़ में विश्वविद्यालय चाहते हैं। हमने आश्वासन दिया कि विश्वविद्यालय बनाएंगे और उसका भव्य निर्माण कराया। चीनी मिल का पुनरुद्धार कराया। आजमगढ़ के एयरपोर्ट का विकास भी हमारी सरकार ने कराया। सड़कों के निर्माण के लिए जनप्रतिनिधियों की तरफ से जितनी भी सूची उपलब्ध कराई, हमने सब पर स्वीकृति दी।आजमगढ़ को मिली उसकी असली पहचानमुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कनेक्टिविटी, इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ डबल इंजन सरकार की सरकार आजमगढ़ को उसकी पहचान दिला रही है। पहले बाहर जाने पर आजमगढ़ के नाम पर होटल और धर्मशालाओं में कमरे नहीं मिलते थे। अब कोई रोके-टोकेगा नहीं, बल्कि सम्मान देगा। यह डबल इंजन की सरकार के प्रयास से हुआ है।अतरौलिया और फूलपुर-पवई में राजकीय पॉलीटेक्निक स्वीकृतसीएम ने कहा कि अतरौलिया और फूलपुर-पवई में राजकीय पॉलीटेक्निक स्वीकृत किया गया है। इसके अलावा जिले में विकास की तमाम अन्य परियोजनाओं को भी स्वीकृति दी गई है। हमारी सरकार ने यूपी के अंदर 65 लाख नौजवानों को काम दिया है। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, मातृ वंदना योजना और लखपति दीदी योजना के माध्यम से महिला सुरक्षा और स्वावलंबन को सरकार आगे बढ़ा रही है।संगीत महाविद्यालय स्वीकृत कर कला का किया सम्मानसीएम ने कहा कि आजमगढ़ में हरिहरपुर गांव भी है। यह गायन, वादन, नृत्य और नाट्य की भूमि है। पहले किसी ने इनके बारे में नहीं सोचा था। हमने वहां संगीत महाविद्यालय का निर्माण कराया। कला को सम्मान दिया। इससे नौजवानों को एक प्लेटफार्म मिला।चिलिंग प्लांट से 56 हजार महिलाओं को लाभ : सीएमसीएम योगी ने कहा कि मिरिया रेहड़ा में चिलिंग प्लांट नेशनल डेयरी डवलपमेंट बोर्ड द्वारा स्थापित किया गया है। यह पूरी तरह से महिला स्वामित्व से जुड़ी संस्था है। इससे जिले की करीब 56 हजार महिलाएं सीधे लाभान्वित होंगी।यह प्लांट आत्मनिर्भरता का संदेश दे रहा है। महिलाओं ने वह कर दिखाया, जो दूसरों के लिए असंभव था। एक महिला के आत्मनिर्भर होने से पूरा परिवार आत्मनिर्भर होता है। परिवार से समाज और राष्ट्र की कड़ी जुड़ती है। जिससे राष्ट्र निर्भर होता है। यही विकसित भारत का आधार है। महिलाओं की आत्मनिर्भरता आज की जरूरत है। मैं आज वहीं आत्मनिर्भरता देखने आया हूं। इस प्लांट से जुड़ीं महिलाएं हर दिन एक लाख 70 हजार लीटर दूध का कलेक्शन करेंगी। जिसमें मिलावट नहीं होगी। शुद्धता की पूरी गारंटी होगी। 55 रुपये प्रति लीटर की दर से किसानों को भुगतान किया जाएगा। इस प्लांट में दूध को ठंडा किया जाएगा। फिर उसे गोरखपुर में मदर डेयरी के प्लांट में भेजा जाएगा। वहां से तैया दूध घर-घर पहुंचाया जाएगा। हमारी सरकार में यह पांचवीं कंपनी बनी है, जो महिला सशक्तिकरण का संदेश दे रही है। पहली कंपनी झांसी में शुरू की थी। महिला स्वामित्व से जुड़ीं एक-एक कंपनियां वाराणसी, लखनऊ और आगरा में भी काम कर रही हैं। इस बार हमने बरेली और प्रयागराज के लिए भी बजट दिया है। यह महिला उत्थान का उदाहरण है। सपा ने आजमगढ़ ही नहीं पूर्वांचल के जौनपुर, गाजीपुर, मऊ, वाराणसी में विकास के लिए कुछ भी नहीं किया। सीएम ने कहा कि विकास गिनाने के लिए फिर आऊंगा। आज 56 हजार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनते देखने आया हूं। इससे उनका परिवार खुशहाल होगा। परिवार खुशहाल होने से ही विकसित भारत बनेगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


