वन्य जीव के अंगों की तस्करी में दो गिरफ्तार
सिधारी कस्बे के पास एक होटल से वन विभाग की टीम ने बुधवार की रात में वन्य जीव के अंगों की तस्करी करने में दो लोगों को पकड़ा।

आजमगढ़, संवाददाता। सिधारी थाना क्षेत्र के एक होटल में छापेमारी कर वन विभाग की टीम ने बुधवार रात वन्यजीव तस्करी के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से गोह के 24 पंजे बरामद हुए हैं। वन विभाग के अनुसार, तांत्रिक क्रियाओं में इस्तेमाल के लिए इन अंगों की तस्करी कर उन्हें दिल्ली ले जाया जा रहा था। पकड़े गए आरोपियों में एक मऊ और दूसरा दिल्ली का निवासी है। प्रभारी क्षेत्रीय वन अधिकारी, रेंज आजमगढ़ लक्ष्मी शंकर ने बताया कि बुधवार को सूचना मिली थी कि कुछ वन्यजीव तस्कर सिधारी स्थित एक होटल में ठहरे हुए हैं और उनके पास वन्यजीवों के अंग मौजूद हैं।
सूचना के आधार पर उप क्षेत्रीय वन अधिकारी अभय कुमार सिंह और वन दरोगा चंद्रभूषण की टीम के साथ होटल में छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान होटल के कमरा नंबर-209 से दिल्ली के उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र स्थित लारेंस रोड, केशवपुरम ओंकार नगर निवासी अजय प्रताप सिंह तथा मऊ जिले के शहादतपुरा सदर कोतवाली निवासी दिलीप राय को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से गोह के 24 पंजे बरामद हुए। वन विभाग की टीम ने आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया। प्रभारी क्षेत्रीय वन अधिकारी लक्ष्मी शंकर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी तांत्रिक क्रियाओं में प्रयोग के लिए गोह के अंगों की तस्करी कर रहे थे। गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी किन-किन स्थानों पर वन्यजीवों के अंगों की सप्लाई करते थे।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


