
आसमान में जमे बादल, हल्की फुहारों से बढ़ी गलन
Azamgarh News - आजमगढ़, संवाददाता। दो दिन धूप निकलने के बाद शुक्रवार देर शाम मौसम ने
आजमगढ़, संवाददाता। दो दिन धूप निकलने के बाद शुक्रवार देर शाम मौसम ने फिर पलटी मार दी। शुक्रवार रात से ही आसमान में बादलों ने डेरा जमा लिया। शनिवार की सुबह से रुक-रुक हल्की फुहार पड़ती रही। जिससे गलन बढ़ गई। सर्द हवाएं चलने से लोग दिनभर ठंड से ठिठुरते रहे। अधिकतम के साथ न्यूनतम तापमान एक डिग्री लुढ़क गया। ठंड बढ़ने से जनजीवन प्रभावित हो गया है। शनिवार को अधिकतम तापमान 17 और न्यूनतम पारा 9 डिग्री सेल्सीयस रिकार्ड किया गया। गुरुवार और शुक्रवार को जिले में खिलकर धूप निकली थी। जिससे लोगों को ठंड से राहत मिल गई थी।
मौसम में आई गर्माहट से शुक्रवार को अधिकतम पारा बढ़कर 18 डिग्री और न्यूनतम 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। शुक्रवार की देर शाम से अचानक मौसम ने फिर करवट बदलनी शुरू कर दी। रात से ही आसमान में बादलों ने डेरा जमा लिया। शनिवार की सुबह से ही रुक-रुक कर हल्की फुहार पड़ने के कारण गलन बढ़ गई। बादलों को आसमान ने पूरी तरह से ढक लिया। जिससे दिनभर सूर्यदेव के दर्शन नहीं हो सके। सुबह से ही लोग ठंड से ठिठुरते नजर आए। गर्म कपड़े और स्वेटर भी ठंड से राहत नहीं दे पा रहे थे। ठंड से बचने के लिए लोग अलाव का सहारा ले रहे थे। गलन और ठंड से बाजारों में चहल-पहल कम दिखी। शाम ढलते ही लोग घरों की ओर रुख कर लिए। सड़कों पर भी वाहनों की आवाजाही कम रही। जिससे अधिकतम के साथ न्यूनतम पारा एक डिग्री लुढ़क गया। ठंड बढ़ने से इंसान से लेकर पशु-पक्षी तक बेहाल हैं। शनिवार को अधिकतम तापमान 18 और रात का न्यूनतम पारा 7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल मौसम का यही मिजाज बना रहेगा। अगले कुछ दिनों तक सुबह-शाम कड़ाके की ठंड पड़ने के आसार हैं। लोगों को सावधानी बरतने, अनावश्यक यात्रा से बचने और स्वास्थ्य को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




