
दो पक्षों में संघर्ष, नौ लोग घायल
Azamgarh News - बरदह थाना क्षेत्र के चकचोर्रा गांव में शादी के दौरान हुए विवाद के बाद दो पक्षों के बीच संघर्ष हो गया। इस घटना में नौ लोग घायल हो गए हैं। एक पक्ष ने तोड़फोड़ और लूटपाट का आरोप लगाया है। पुलिस ने गांव में तनाव को देखते हुए बल तैनात किया है और जांच शुरू कर दी है।
बरदह, हिन्दुस्तान संवाद। स्थानीय थाना क्षेत्र के चकचोर्रा गांव में रविवार की रात बरात में हुए विवाद को लेकर दूसरे दिन सोमवार की सुबह दो पक्षों के बीच संघर्ष हो गया। इसमें नौ लोग घायल हो गए। एक पक्ष ने घर में घुसकर तोड़-फोड़ एवं लूटपाट करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। चकचोर्रा गांव निवासी रामनवल बिंद और विजय के घर पर रविवार की शाम शादी थी। चकचोर्रा गांव निवासी अमरचंद पुत्र राजेंद्र और दूसरे पक्ष के रवि रविवार की शाम को दुबरा बाजार गए थे। बाजार में शराब की दुकान पर रवि ने अमरचंद से सौ रुपये लिए थे।
इसके बाद दोनों गांव में आई बरात में शामिल होने पहुंचे। वहां दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। बाद में किसी तरह मामला शांत हुआ। रात में 32 वर्षीय अमरचंद, 28 वर्षीय चंद्रशेखर पुत्र अच्छेलाल अपने रिश्तेदार 20 वर्षीय नीलेश को छोड़ने के लिए बोलेरो से जौनपुर गए थे। इधर, गांव निवासी रामनवल बिंद की पौत्री की शादी से दूसरे पक्ष के रवि, सचिन, वीरू, विशाल, संदीप, प्रवीण, चंदन राजभर समेत कुछ अन्य लोग घर लौट रहे थे। इस बीच नीलेश को जौनपुर छोड़ने के बाद अमरचंद और चंद्रशेखर लौट रहे थे। चकचोर्रा गांव के प्राथमिक विद्यालय के मोड़ पर दोनों पक्षों का आमना-सामना हो गया। कहासुनी के दौरान विवाद बढ़ गया। दूसरे पक्ष के लोगों ने अमरचंद और चंद्रशेखर को मारपीट कर घायल कर दिया। इसके बाद हमलावर फरार हो गए। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने घायलों को जौनपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जिसमें चंद्रशेखर की हालत गंभीर बनी हुई है। चंद्रशेखर की सोमवार की सुबह सगाई थी। घायल होने के चलते उसकी सगाई स्थगित कर दी गई। दूसरे दिन सोमवार की सुबह चंद्रशेखर को होश न आने की खबर पर अमरचंद के पक्ष के लोग आक्रोशित हो गए। उन्होंने दूसरे पक्ष के पूर्व प्रधान संजय राजभर, रामजनम राजभर, विशाल, संदीप आदि के घरों पर धावा बोलकर तोड़फोड़ शुरू कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने घर में घुस कर एलईडी टीवी, कूलर, पंखा, सिलाई मशीन, चार बाइक, दरवाजा आदि क्षतिग्रस्त कर दिया। घर में रखे जेवर और रुपये लूट ले गए। हमले में दूसरे पक्ष के 22 वर्षीय रवि राजभर, 19 वर्षीय सीमा, 18 वर्षीय रूबी, 40 वर्षीय संगीता, 24 वर्षीय विशाल, 21 वर्षीय आदर्श, 25 वर्षीय शिल्पा घायल हो गई। घटना की जानकारी होने पर बरदह थानाध्यक्ष राजीव कमार सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। एसओ ने बताया कि दोनों पक्षों से तहरीर मिली है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी। तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस तैनात की गई है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




