एमएलसी विजय बहादुर ने उठाया तमसा नदी का मुद्दा
Azamgarh News - भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष विजय बहादुर पाठक ने विधान परिषद में ऐतिहासिक तमसा नदी के जल को प्रदूषित होने से बचाने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि आजमगढ़ में नदी में गंदे पानी का प्रवाह हो रहा है, जिससे यह दूषित हो रही है। उन्होंने अधिक एसटीपी बनाने की आवश्यकता भी जताई।
फरिहा, संवाददाता। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य विजय बहादुर पाठक ने गुरुवार को विधान परिषद में नियम 110 के तहत ऐतिहासिक तमसा नदी के जल को दूषित होने से बचाने का मुद्दा उठाया। जिस पर सभापति ने मामला सरकार को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा। एमएलसी ने कहा कि नदियों को स्वच्छ रखने और पुनरुत्थान के कार्य में लगातार योगी सरकार लगी है। आजमगढ़ में तमसा नदी में दत्तात्रेय स्थल पर हुए जनसहभागिता और प्रशासन के संयुक्त कार्य की सराहना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मन की बात कार्यक्रम में की। लेकिन यही तमसा नदी आजमगढ़ के शहरी इलाके में 20 छोटे-बड़े सीवरेज, नालों की वजह से दूषित हो रही है।
स्थिति यह है कि आजमगढ़ शहर तीन तरफ से तमसा नदी से घिरा हुआ है। पांच लाख से ऊपर आबादी वाले इस शहर में नगरपालिका है। 25 वार्ड हैं। इन वार्डों से प्रतिदिन लाखों लीटर गंदा पानी नालों के माध्यम से तमसा में गिर रहा है, जिससे नदी का पानी जल प्रदूषित हो रहा है। उन्होंने कहा कि आजमगढ़ शहर में एक एसटीपी बना हुआ है, मगर वह एक छोर पर और क्षमता कम होने के कारण जरूरतों को पूरा नही कर पा रहा है। स्थिति यह है कि ऐतिहासिक और पौराणिक नदी का जल प्रदूषित हो रहा है। शहर में और एसटीपी बनाकर नदी के जल को प्रदूषण से बचाने की जरूरत है। इसी क्रम में एमएलसी ने विधान परिषद में नियम 110 के तहत शहरों में अतिक्रमण और जाम से होने वाली कठिनाई के निस्तारण के विषय को भी उठाया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




