
सड़क हादसे में बिहार के दो मजदूरों की मौत
Azamgarh News - सोमवार रात पवई थाना क्षेत्र के सिकंदरपट्टी गांव में एक सड़क दुर्घटना में बिहार के दो मजूदरों की मौत हो गई। दोनों मजूदर सुल्तानपुर जनपद के ढेमा गांव जा रहे थे जब अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मिल्कीपुर, हिन्दुस्तान संवाद। पवई थाना क्षेत्र के सिकंदरपट्टी गांव के पास सोमवार की रात में हुए सड़क हादसे में बिहार निवासी दो मजूदरों की मौत हो गई। दुर्घटना के समय दोनों अपने साथी से मिलकर बाइक से सुल्तानपुर जनपद के ढेमा गांव जा रहे थे। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की। दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बिहार के मुजफ्फरपुर जनपद के साहिबगंज थाना क्षेत्र के मगुराहा असली गांव निवासी 22 वर्षीय रंजन कुमार और रामपुर सितुआरी गांव निवासी 50 वर्षीय कामेश्वर भगत भवन निर्माण का काम करते थे। इस समय दोनों सुल्तानपुर जनपद के ढेमा स्थित एक विद्यालय में काम कर रहे थे।

सोमवार को दोनों जौनपुर जनपद के शाहगंज में अपने मित्र से मिलने के लिए गए थे। रात करीब नौ बजे बाइक से सुल्तानपुर जनपद के ढेमा जा रहे थे। शाहगंज-अयोध्या मार्ग पर पवई थाना क्षेत्र के सिकंदर पट्टी गांव के पास अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार मिश्र ने बताया कि दोनों के परिजनों को सूचना दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


