नहर में अनियंत्रित बाइक पलटी, युवक की मौत
Azamgarh News - आजमगढ़ के मेहनाजपुर कस्बे में एक बाइक हादसे में 19 वर्षीय मयंक सिंह की मौत हो गई, जबकि उसके मित्र रोहित घायल हो गए। दोनों युवक एक बारात में शामिल होने के बाद घर लौट रहे थे जब उनकी बाइक अनियंत्रित होकर नहर में पलट गई। मयंक बीए द्वितीय वर्ष का छात्र था।

आजमगढ़, संवाददाता। मेहनाजपुर कस्बा स्थित नहर में शुक्रवार की भोर में बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक घायल हो गया। घायल युवक का अस्पताल में इलाज चल रहा है। मृत युवक गाजीपुर जिले के भुड़कुड़ा क्षेत्र का निवासी था। गाजीपुर जिले के भुड़कुड़ा थाना क्षेत्र के बुढ़ानपुर गावं निवासी बदन यादव के पुत्र की बारात गुरुवार की देर शाम को मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के ढकवा गांव आई थी। बुढ़ानपुर गांव निवासी 19 वर्षीय मयंक सिंह पुत्र स्व. यशवंत सिंह गांव के ही निवासी अपने मित्र 28 वर्षीय रोहित सिंह के साथ बाइक से इस बारात में शामिल होने के लिए गुरुवार की रात में आए थे।
शुक्रवार की भोर में विदाई होने के बाद मयंक अपने मित्र रोहित के साथ बाइक पर सवार होकर घर वापस जा रहे थे। वे मेहनाजपुर तिराहा के पास पहुंचे थे, तभी उनकी बाइक अनियंत्रित होकर नहर में पलट गई। दोनों काफी देर तक घायलावस्था में नहर में पड़े रहे। कुछ देर बाद शौच के लिए गए ग्रामीणों की नजर घायलों पर पड़ी। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस दी। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को सुपर फैसिलिटी अस्पताल चक्रपानपुर में भर्ती कराया। इलाज के कुछ देर बाद मयंक की मौत हो गई। मौत की खबर जब परिजनों को मिली तो परिवार में कोहराम मच गया। मयंक बीए द्वितीय वर्ष का छात्र था। वह दो भाई और दो बहनों में सबसे बड़ा था। शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


