पिकअप की टक्कर से बोलेरो सवार वृद्ध की मौत, पांच घायल
Azamgarh News - आजमगढ़ के अतरौलिया थाना क्षेत्र के बिहार बुजुर्ग गांव में एक वृद्ध की दुर्घटना में मौत हो गई और पांच लोग घायल हो गए। यह घटना उस समय हुई जब सभी लोग तिलक कार्यक्रम से लौट रहे थे। पीछे से आई पिकअप ने बोलेरो को टक्कर मारी। मृतक का नाम छोटेलाल यादव है।

आजमगढ़, संवाददाता। अतरौलिया थाना क्षेत्र के बिहार बुजुर्ग गांव निवासी वृद्ध की मंगलवार की रात दुर्घटना में मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। घटना के समय सभी लोग बोलेरो से तिलक कार्यक्रम से से घर लौट रहे थे। इस दौरान अंबेडकर नगर जनपद के जैतपुर थाना क्षेत्र में पिकअप ने टक्कर मार दी। घटना की सूचना मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया। अतरौलिया थाना क्षेत्र के बिहरा बुजुर्ग गांव निवासी मुन्नीलाल यादव की बेटी की शादी है। मंगलवार को परिवार के लोग ग्रामीणों और रिश्तेदारों के साथ तिलक चढ़ाने के लिए अंबेडकर नगर जनपद में गए थे।
रात करीब 12 बजे तिलक चढ़ाकर गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे के रास्ते बोलेरो से घर लौट रहे थे। अंबेडकर नगर जनपद के जैतपुर थाना क्षेत्र में किलोमीटर 82 के पास बोलेरो खराब हो गई। इसके बाद लोग दूसरी बोलेरो बुलाने के बाद टोचन कर खराब वाहन को ले जा रहे थे। इस दौरान पीछे से आई पिकअप टक्कर मारते हुए पलट गई। दुर्घटना में बाद बोलेरो में सवार छह लोग घायल हो गए। घटना के बाद चीखपुकार मच गई। सूचना मिलने पर यूपीडा का बचाव दल और जैतपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को एंबुलेंस से अतरौलिया अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने 65 वर्षीय छोटेलाल यादव निवासी बिहरा बुजुर्ग को मृत घोषित कर दिया। घायल 29 वर्षीय दीपक यादव, 45 वर्षीय राजमंगल यादव, 40 वर्षीय नरेंद्र शर्मा, 16 वर्षीय शिव यादव निवासी बिहरा बुजुर्ग थाना अतरौलिया और 17 वर्षीय प्रिंस यादव निवासी मठगोबिंद थाना कप्तानगंज को भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। छोटेलाल यादव के दो बेटे और दो बेटियां हैं। घटना के बाद से परिवार के लोग रो-रो कर बेहाल हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


