ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश आजमगढ़देवारा खास राजा के बगहवा का पुरा में घाघरा में विलीन हुए तीन घर

देवारा खास राजा के बगहवा का पुरा में घाघरा में विलीन हुए तीन घर

आजमगढ़ जिले के महाराजगंज, हरैया और अजमतगढ़ विकासखंड के उत्तरी छोर पर बहने वाली घाघरा नदी के जलस्तर में घटने का क्रम जारी...

देवारा खास राजा के बगहवा का पुरा में घाघरा में विलीन हुए तीन घर
हिन्दुस्तान टीम,आजमगढ़Fri, 25 Jun 2021 03:20 AM
ऐप पर पढ़ें

लाटघाट। हिन्दुस्तान संवाद

आजमगढ़ जिले के महाराजगंज, हरैया और अजमतगढ़ विकासखंड के उत्तरी छोर पर बहने वाली घाघरा नदी के जलस्तर में घटने का क्रम जारी है। सगड़ी क्षेत्र के दोनों ही गेज डिघिया व बदरहुवा गेज पर जलस्तर में कमी दर्ज की गई। डिघिया पर 12 सेमी व बदरहुआ पर 15 सेमी नदी घट गई, लेकिन इसके साथ ही नदी ने अपने तटवर्ती क्षेत्रों में कटान को तेज कर दिया है। देवारा खास राजा के बगहवा का पुरा के तीन मकान नदी में विलीन हो गए हैं। वहीं, कई पुरवों के संपर्क मार्ग पर अभी भी नदी का पानी है।

देवारा खास राजा के बगहवा का पूरा में अशोक पुत्र कोमल ,राजकुमार पुत्र कोमल, विजय कुमार पुत्र कोमल का घर कटकर, घाघरा नदी में विलीन हो गया। हालांकि, ये सभी लोग अपने-अपने सामान के साथ पहले ही पलायन कर चुके हैं। इनका घर कटने के बाद राम सिंगार पुत्र कोमल, राणा प्रताप पुत्र सिंहासन, रामबचन पुत्र मोहर, श्याम अवध पुत्र राम रूप, सुभाष पुत्र श्याम अवध, शिव लखनपुर पुत्र राम अवध, राम लखन पुत्र राम अवध, जगरोपन पुत्र राम अवध और अपने सामानों के साथ पलायन कर रहे हैं। यह लोग बगहवा गांव से 2 किलोमीटर पहले ग्राम समाज की जमीन में मिट्टी पाट कर अपना ठिकाना बना रहे हैं । बगहा गांव वैसे तो 70 घर का पुरवा है जिसमें 45 घर नदी के करीब होने के नाते नदी के मुहाने पर हैं। यहां के लोग 10 किलोमीटर दूर रौनापार बाजार से अपने रोजमर्रा के सामानों की खरीदारी करके सोनौरा संपर्क मार्ग से नाव से अपने घर को जाते हैं। वहीं, दूसरी ओर देवाराखास राजा के झगरहवा, वासु का पुरा, साधु का पुरा, के पास घाघरा नदी कटान कर रही है।

संपर्क मार्ग पर बढ़ बाढ़ का पानी

खरैलिया से सोनौरा संपर्क मार्ग, मानिकपुर से अभ्भपट्टी संपर्क मार्ग, हाजीपुर देवाराजा संपर्क मार्गों पर बाढ़ का पानी आ जाने से लोगों को आने जाने की परेशानी हो रही है जिससे आवागमन बाधित हो रहा है। कहीं-कहीं तक तो लोग कमर तक पानी में होकर अपने सामानों को लेकर पैदल ही अपने घर को जा रहे हैं। इन संपर्क मार्गों से शाहडीह, बांका, बुढ़न पट्टी, लाला का पुरा, झंडी का पुरा, झगड़हवा, बगवहवा, साधु का पुरा, सोनौरा, सहित कई दर्जन गांव के लोगों आवागमन होता है संपर्क मार्गो पर पानी होने से लोग 10 किलोमीटर घूमकर बेलहिया ढाला से आवागमन कर रहे हैं। सोनौरा गांव निवासी वीरेंद्र राय ने कहा कि सोनौरा संपर्क मार्ग पर घाघरा की छोटी शाखा में जो नाव चलाई जाती है काफी छोटी है। यहां और बड़ी नाव लगाई जाए जिससे कि लोगों का आवागमन सुचारू रूप से हो सके। नाव छोटी होने के कारण अधिक लोग बैठ जाते हैं जिस से खतरा डूबने का बना रहता है।

पिछले वर्ष की कटान की चपेट वाले लोगों को मुआवजे का इंतजार

बगहवा गांव निवासी प्रधान प्रतिनिधि देवाराखास राजा रामसिंगार यादव ने बताया कि पिछले वर्ष 2020 में बाढ़ के समय देवारा खास राजा के तीन पुरवे त्रिलोकी का पुरा, मुराली का पुरा, भीमली का पुरा कट गया था । जिसमें 87 घर थे। इनमें से घर कटने का मुआवजा केवल 26 लोगों को ही मिला है। 61 लोग अभी मुआवजे का इंतजार कर रहे हैं। बगहवा गांव के कटान पीडि़तों को तहसील प्रशासन के एलर्ट के बाद वैकल्पिक स्थान पर भेजा जा रहा है।

घाघरा नदी के जलस्तर में घटाव जारी

सगड़ी क्षेत्र के उत्तरी छोर पर बहने वाले घाघरा नदी के जलस्तर में बुधवार की शाम 4 बजे डिघिया गेज पर नदी का जलस्तर 70. 56 मीटर पर रहा। गुरुवार शाम 4 बजे घाघरा नदी का जलस्तर 70.44 मीटर दर्ज किया गया। यहां पर 24 घंटे में घाघरा नदी घट गई। डिघिया गेज का खतरा बिंदु 70.40 है। अधिकतम जलस्तर 72.10 है। बुधवार की शाम 4 बजे बदरहुआ गेज पर घाघरा नदी का जलस्तर 71. 22 मीटर पर रहा । गुरुवार शाम 4 बजे घाघरा नदी का जलस्तर बदरहुआ गेज पर 71 .07 मीटर पर है बदरहुआ गेज पर घाघरा नदी का जलस्तर 15 सेंटीमीटर का घटाव दर्ज किया गया। बदरहुआ का खतरा बिंदु 71.68मीटर है अधिकतम जलस्तर 72. 98 मीटर है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें