ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश आजमगढ़मेंहनाजपुर हत्याकांड के तीन आरोपी गिरफ्तार

मेंहनाजपुर हत्याकांड के तीन आरोपी गिरफ्तार

मेंहनाजपुर के दक्षिण पूरा में पंचायत भवन में हुई फायरिंग और हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी भूरे सिंह समेत तीन को बुधवार को गिरफ्तार कर...

मेंहनाजपुर हत्याकांड के तीन आरोपी गिरफ्तार
हिन्दुस्तान टीम,आजमगढ़Thu, 26 Jan 2023 12:50 AM
ऐप पर पढ़ें

आजमगढ़, संवाददाता।

मेंहनाजपुर के दक्षिण पूरा में पंचायत भवन में हुई फायरिंग और हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी भूरे सिंह समेत तीन को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। फायरिंग के आरोपी जितेंद्र यादव को पुलिस ने सुबह सात बजे रोडवेज के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस उसे असलहा बरामदगी के लिए मेंहनाजपुर के बेला कलीचपुर गई। यहां उसने झाड़ी में छिपा कर रखे असलहे से पुलिस पर फायर कर दिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई। दो आरोपियों को दोपहर में सिधारी इलाके से पकड़ा गया।

मेंहनाजपुर गांव में मंगलवार की दोपहर अवास आवंटन की सूची तैयार करने के लिए बुलाई गई ग्राम पंचायत की खुली बैठक में दो पक्षों में बवाल हो गया था। इस दौरान एक पक्ष ने करीब 12 राउंड फायरिंग की थी। गोली लगने से हिमांशु सिंह उर्फ बिट्टू सिंह निवासी जामूडीह थाना तरवा की मौत हो गई थी। प्रदीप सिंह उर्फ भीम व सवेंदू सिंह ऊर्फ मुन्ना सिंह निवासी मेंहनाजपुर घायल हो गए थे। मृतक हिमांशु सिंह के चाचा प्रेम कुमार सिंह की तहरीर पर पुलिस शिवशंकर सिंह उर्फ घूरे सिंह निवासी मेंहनाजपुर, जितेंद्र यादव निवासी औड़िहार थाना सैदपुर जनपद गाजीपुर, बब्बू सिंह उर्फ विजय सिंह निवासी सिधौना थाना मेंहनाजपुर व सोनू सिंह निवासी औड़िहार कला महमूदपुर थाना सैदपुर जिला गाजीपुर के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की थी। एसपी सिटी शैलेंद्र लाल ने बताया कि मेंहनाजपुर थानाध्यक्ष सुनील कुमार दूबे को बुधवार सुबह सूचना मिली कि फायरिंग का अभियुक्त जितेंद्र यादव शहर में रोडवेज बस अड्डे के पास मौजूद है। इस पर पुलिस ने करीब सात बजे घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस असलहा बरामदगी के लिए जितेंद्र यादव को लेकर मेंहनाजपुर थाना क्षेत्र के बेला कलीचपुर गांव गई। एक खंडहरनुमा मकान के पास झाड़ी में असलहा छिपाकर रखा गया था। जितेंद्र ने झाड़ी के पास पहुंचते ही असलहा निकाल लिया और पुलिस पर फायर कर भागने लगा। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में जितेंद्र के दायें पैर में गोली लग गई। उसे मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके पास से एक लाइसेंसी बंदूक, तमंचा व कारतूस बरामद हुआ।

शहर से पकड़े गए दो लोग

मेंहनाजपुर हत्याकांड के मुख्य आरोपी घूरे सिंह सहित दो लोगों को पुलिस ने बुधवार दोपहर में शहर के शारदा चौराहा के पास से गिरफ्तार किया। चार आरोपियों में से तीन गिरफ्तार हो चुके हैं। एक अन्य आरोपी की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। मेंहनाजपुर थानाध्यक्ष सुनील कुमार दूबे ने बताया कि घटना के मुख्य अभियुक्त पूर्व प्रधान शिवशंकर सिंह उर्फ घूरे निवासी मेंहनाजपुर व बब्बू सिंह उर्फ विजय सिंह निवासी सिधौना थाना मेंहनाजपुर के दोपहर में शहर में मौजूद होने की सूचना मिली थी। दोनों को सिधारी थाना क्षेत्र के शारदा चौराहे के पास से पकड़ा गया। अभियुक्त बब्बू सिंह की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी रायफल को उसके घर के पीछे झाड़ी से बरामद किया गया।

यह हिन्दुस्तान अखबार की ऑटेमेटेड न्यूज फीड है, इसे लाइव हिन्दुस्तान की टीम ने संपादित नहीं किया है।
हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें