कटान तेज, खतरा बिंदु के ऊपर पहुंची घाघरा
Azamgarh News - घाघरा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जिससे तटवर्ती गांवों में दहशत फैल गई है। बदरहुआ गेज पर जलस्तर खतरा बिंदु 71.68 मीटर पर पहुंच गया है। कटान तेज हो गया है और ग्रामीणों के घर खतरे में हैं। बाढ़ खंड...

लाटघाट, हिंदुस्तान संवाद। सगड़ी तहसील के उत्तरी छोर पर बहने वाली घाघरा नदी के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। नदी फिर से खतरा बिंदु के ऊपर पहुंच गई है। बदरहुआ गेज पर जलस्तर खतरा बिंदु 71.68 पर पहुंच गया है। जबकि डिघिया गेज पर खतरा बिंदु 70.40 से 64 सेंटीमीटर ऊपर है। इसके साथ ही तटवर्ती गांवों में कटान भी तेज हो गई है। तटवर्ती गांवों के मकान कटान के मुहाने पर होने से ग्रामीणों में दहशत है। हालांकि कटान रोकने के लिए बाढ़ खंड विभाग के अधिकारी जुटे हैं। बदरहुआ गेज पर बुधवार को शाम चार बजे नदी का जलस्तर 71. 59 मीटर पर था।
गुरुवार शाम चार बजे बढ़कर 71.68 मीटर पर पहुंच गया। 24 घंटे में नौ सेंटीमीटर की वृद्धि दर्ज की गई। इस गेज पर खतरा बिंदु 71.68 मीटर है। डिघिया गेज पर बुधवार को शाम चार बजे नदी का जलस्तर 70.95 मीटर था। बृहस्पतिवार को बढ़कर 71.04 मीटर पर पहुंच गया। 24 घंटे में यहां पर 9 सेंटीमीटर की वृद्धि दर्ज की गई है। इस गेज पर नदी खतरा बिंदु 70.40 मीटर से 64 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है। जलस्तर बढ़ने के साथ ही उरदीहा, अचल नगर, गांगेपुर, पर्शिया, सहबदिया में उपजाऊ जमीन कटने लगी है। देवारा खास राजा के झगरहवा का पूरा, भीमली का पूरा, बगहवा में घाघरा नदी कटान कर रही है। झगरहवा का पूरा में पांच लोगों के घर नदी के कटान के मुहाने पर हैं। देवारा खास राजा में भी दो सौ घर कटान के मुहाने पर हैं। झगरहवा का पूरा में कटान रोकने के लिए बाढ़ खंड की ओर से मिट्टी भरी बोरियां डाली जा रही हैं। बाढ़ खंड के एई अमित कुमार ने बताया कि पानी कम होने पर यहां कटान को रोकने के लिए स्थायी कार्य किया जाएगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




