
अब समपार फाटकों पर सीसीटीवी कैमरे से होगी मानिटरिंग
Azamgarh News - रेलवे विभाग ने आजमगढ़ में समपार पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। दीदारगंज रोड स्टेशन के निकट दो कैमरे लगाए गए हैं, जिससे समपार की गतिविधियों की निगरानी की जाएगी। यह कदम दुर्घटनाओं को रोकने और सुरक्षा को बढ़ाने के लिए उठाया गया है।
आजमगढ़, संवाददाता। रेलवे विभाग की ओर से अब समपार पर सीटीटीवी कैमरे से मानिटरिंग शुरू कर दी गयी है। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में सर्वप्रथम दीदारगंज रोड स्टेशन के निकट मानवित समपार पर दो सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इस कैमरे से समपार पर होने वाली गतिविधियों की मॉनिटरिंग सीधे रेलवे स्टेशन बने कंट्रोल रूम से की जा रही है। पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन द्वारा संरक्षा को सुदृढ़ करने हेतु नई तकनीकियों का समावेश किया जा रहा है। इसी क्रम में, व्यस्त समपारों की मॉनिटरिंग के लिये सीसीटीवी कैमरे लगाने का कार्य किया जा रहा है। मंडल रेल प्रबंधक, वाराणसी आशीष जैन के निर्देशन पर वाराणसी मंडल के दीदारगंज रोड-शाहगंज खंड पर स्थित दीदारगंज रोड स्टेशन के निकट मानवित समपार संख्या 67 ‘सी’ पर गतिविधियों की मॉनिटरिंग हेतु दो अदद सीसीटीवी कैमरे लगाये गए हैं।
सीसीटीवी कैमरे की फीड को ओएफसी मीडिया के माध्यम से दीदारगंज रोड स्टेशन तक पहुंचाया जाता है, जहां समपार पर होने वाली गतिविधियों की रिकॉर्डिंग की जा रही है। समपारों पर दुर्घटनाओं को समाप्त करने के लिये रेलवे प्रशासन द्वारा यह कदम उठाये गये हैं। जिसमें जन जागरूकता अभियान चलाने के अतिरिक्त उच्च यातायात वाले समपारों पर सीसीटीवी कैमरे लगाया जा रहा है। समपारों पर लगे स्टेशन से कनेक्ट फोन को (मैग्नेटो फोन से मास्टर स्लैब फोन में) अपग्रेड किया जा रहा है और मानव विफलता के कारण होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिये कर्मचारियों का नियमित रूप से प्रशिक्षण दिया जा रहा है। पर्यवेक्षकों द्वारा संरक्षा कर्मचारियों की काउंसलिंग की जा रही है। इसके अतिरिक्त समपारों पर उपकरणों की विफलता के लिये उपकरणों का आवधिक निरीक्षण एवं पुराने उपकरणों को समय से बदलने हेतु उपकरणों के स्पेयर पाट्र्स हर समय तैयार रखा जा रहा है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




