
पति के साथ दवा लेने अस्पताल आयी पत्नी लापता
Azamgarh News - आजमगढ़ के जिला महिला अस्पताल में एक गर्भवती महिला, पूजा गोंड, अपने पति के साथ दवा लेने आई थी, लेकिन रहस्यमय तरीके से लापता हो गई। पति ने बताया कि वह शौचालय गया था, लौटने पर पूजा गायब थी। सीसीटीवी फुटेज में पूजा अकेले अस्पताल से बाहर निकलती दिखी। पुलिस जांच कर रही है।
आजमगढ़, संवाददाता। जिला महिला अस्पताल में मंगलवार को पति के साथ दवा लेने आयी पत्नी रहस्य मय ढंग से लापता हो गयी। काफी तलाश के बाद महिला का पता नहीं चला। अस्पताल का सीसीटीवी फुटेज में महिला अकेले अस्पताल से बाहर जाते दिखी। पति की तहरीर पर पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर जांच कर रही है। मेंहनगर थाना क्षेत्र हथौड़ी गांव निवासी पूजा गोंड पत्नी अमित गोंड गर्भवती है। मंगलवार को वह पति के साथ महिला डॉक्टर को दिखाने के लिए जिला महिला अस्पताल आयी थी। पति ने बताया कि वह कुछ देर के लिए अस्पताल के पास स्थित शौचालय में चला गया था।
वापस लौटा तो पूजा गोंड गायब थी, काफी तलाश के बाद उसका पता नहीं चला। फोन करने पर पूजा गोंड का मोबाइल नंबर स्विच ऑफ बताने लगा। परेशान होकर पति अमित गोंड ने अस्पताल प्रशासन से संपर्क किया। अस्पताल का सीसीटीवी फुटेज की जांच की गयी। सीसीटीवी फुटेज में पूजा जिला महिला अस्पताल में दिन में 11.15 बजे दाखिल हुई थी। कुछ ही देर बाद वह पैदल अकेले टहलते हुए अस्पताल से बाहर निकल गयी थी। अमित गोंड ने पत्नी के साथ अप्रिय घटना की आशंका जताते हुए पुलिस को अवगत कराया। शहर कोतवाल यादवेंद्र पांडेय ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। महिला का एक मोबाइल नंबर पर अधिक बात होती थी, वह नंबर भी स्विच ऑफ बता रहा है। पुलिस की टीम जांच में जुटी है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




