Azamgarh News: शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने पर दरोगा निलंबित
Azamgarh News: आजमगढ़ में, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने गंभीरपुर थाना के सब इंस्पेक्टर संजय सिंह को शिकायतों का निस्तारण न करने पर निलंबित किया। उन पर पीड़ितों की शिकायतों पर कार्रवाई नहीं करने और पदीय दायित्वों में लापरवाही बरतने के आरोप हैं। इसके लिए विभागीय जांच भी आरंभ की जाएगी।

Azamgarh News: आजमगढ़, संवाददाता। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने पर गंभीरपुर थाना के सब इंस्पेक्टर को निलंबित कर दिया। उन्होंने निलंबित किये गए सब इंस्पेक्टर के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिये। गंभीरपुर थाना के सब इंस्पेक्टर संजय सिंह पर थाना स्तर पर प्राप्त होने वाले शिकायती प्रार्थना पत्रों का निर्धारित समयावधि में निस्तारण नहीं करने, पीड़ितों की शिकायतों पर कार्रवाई नहीं करने और कार्य सरकार में रुचि नहीं लेने के आरोप प्रथम दृष्टया सामने आए हैं। इसके अलावा पदीय दायित्वों के प्रति लापरवाही, अनुशासनहीनता, स्वेच्छाचारिता और अकर्मण्यता बरतने की बात भी सामने आई। इन आरोपों को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने सब इंस्पेक्टर संजय सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
साथ ही उनके विरुद्ध नियमानुसार विभागीय कार्यवाही शुरू किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। एसएसपी ने सभी पुलिसकर्मियों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि वे अपने पदीय दायित्वों का निष्ठा, ईमानदारी और अनुशासन के साथ निर्वहन करें। कर्तव्य के प्रति लापरवाही या अनुशासनहीनता पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।


