
तीन माह से लटका है जननी सुरक्षा का भुगतान
Azamgarh News - आजमगढ़, संवाददाता। पोर्टल में समस्या आने से तीन माह से प्रधानमंत्री जननी
आजमगढ़, संवाददाता। पोर्टल में समस्या आने से तीन माह से प्रधानमंत्री जननी सुरक्षा योजना (पीएमजेएसवाई) का भुगतान लटका हुआ है। साढ़े दस हजार से अधिक प्रसूता महिलाओं के खाते में रुपये भेजे जाने हैं। ग्रामीण क्षेत्र की प्रसूता को 1400 और शहरी क्षेत्र की प्रसूता को एक हजार रुपये दिए जाते हैं। अस्पतालों में प्रसव बढ़ाने पर सकार का जोर है। संस्थागत प्रसव के लिए जननी सुरक्षा योजना का संचालन किया जा रहा है। योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं का सरकारी अस्पताल में प्रसव होने पर 1400 रुपये और नगरीय क्षेत्र की महिलाओं को एक हजार रुपये प्रोत्साहन राशि दी जाती है।
इसके साथ ही आशा कार्यकत्रियों को संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने और संबंधित सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रोत्साहन राशि दी जाती है। ग्रामीण क्षेत्रों में आशा को 600 और शहरी क्षेत्रों में 400 रुपये प्रोत्साहन राशि मिलती है। पोर्टल पर समस्या आने से प्रसूता और आशाओं को प्रोत्साहन राशि का भुगतान नहीं हो सका है। जनपद में एक माह में करीब 4000 हजार महिलाओ का प्रसव होता है। जिला महिला अस्पताल में एक माह में करीब 500 महिलाओं का प्रसव होता है। करीब तीन माह से पोर्टल में समस्या होने और बजट के अभाव में साढ़े दस हजार से अधिक प्रसूताओं को जननी सुरक्षा योजना का लाभ नहीं मिल सका है। जननी सुरक्षा योजना के तहत सरकारी अस्पतालों में प्रसव के 24 घंटे से 15 दिन के अंदर प्रोत्साहन राशि लाभार्थी के बैंक खाते में भेज दी जाती है। रुपये भेजे जाने की पूरी प्रक्रिया संबंधित अस्पताल को पूरी करनी होती है। तीन माह का समय बीतने के बाद भी लोग भुगतान के लिए अस्पतालों के चक्कर काट रहे हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




