जनपद के सभी अस्पतालों की होगी निगरानी

Jan 29, 2026 12:13 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, आजमगढ़
share Share
Follow Us on

Azamgarh News - आजमगढ़ में सीएमओ ने सभी अस्पतालों की निगरानी के लिए एक टीम गठित की है। यह टीम सीएचसी, पीएचसी और निजी अस्पतालों की जांच करेगी। इसके जरिए स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और सुविधाओं का मूल्यांकन किया जाएगा। लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की जाएगी, जिससे आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।

जनपद के सभी अस्पतालों की होगी निगरानी

आजमगढ़, संवाददाता। जनपद के सभी अस्पतालों की निगरानी के लिए सीएमओ ने टीम गठित की है। गठित टीम जनपद की सीएचसी, पीएचसी के साथ ही क्षेत्र के निजी अस्पतालों की जांच कर करेगी। ग्रामीण क्षेत्र के अस्पतालों की गुणवत्ता के साथ सुविधा को परखेंगे। लापरवाही मिलने पर कार्रवाई भी करेगी। जांच के लिए एसीएमओ को जिम्मेदारी दी गयी है। जनपद की 31 सीएचसी, 80 पीएचसी और करीब 550 आयुष्मान आरोग्य मंदिर पर स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं। इसके बावजूद कुछ स्वास्थ्य इकाइयों में अपेक्षित स्तर का प्रदर्शन नहीं हो पा रहा है। ऐसे में जिम्मेदारी तय करते हुए जमीनी स्तर पर सुधार लाने के लिए स्वास्थ्य विभाग तैयारी कर रहा है।

जिससे की आमजन को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सके। इसके लिए सीएमओ ने निरीक्षण टीम गठित की है। निरीक्षण टीमों में अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, उप मुख्य चिकित्साधिकारी के साथ-साथ जिला कार्यक्रम प्रबंधन इकाई के अधिकारी और कर्मचारियों को शामिल गया। साथ ही स्वास्थ्य कार्यक्रमों की तकनीकी, प्रबंधकीय और डाटा आधारित समीक्षा की जाएगी। निगरानी टीमें अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, जिला और ब्लॉक स्तरीय चिकित्सालयों, आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निरीक्षण करेगी। निरीक्षण उपरांत संबंधित अधिकारी अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों की विस्तृत, तथ्यात्मक और विश्लेषणात्मक रिपोर्ट मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय को प्रस्तुत करेंगे। निरीक्षण के दौरान होगी ये जांचें निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं की समग्र स्थिति, राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की प्रगति, मानव संसाधन की उपलब्धता, दवाओं और आवश्यक चिकित्सकीय उपकरणों की स्थिति, अभिलेखों के रख-रखाव और मरीजों को प्रदान की जा रही सुविधाओं की गुणवत्ता का गहन मूल्यांकन किया जाएगा। अपेक्षित प्रगति न मिलने पर तय होगी जिम्मेदारी अस्पतालों में अपेक्षित प्रगति न मिलने पर जिम्मेदारी तय होगी। जांच टीमों की प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर संबंधित सामुदायिक, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के साथ-साथ सभी उपकेन्द्रों और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों की समीक्षा की जाएगी। कार्य में लापरवाही अथवा अपेक्षित प्रगति न पाए जाने की स्थिति में संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के दायित्व निर्धारण, मूल्यांकन के उपरांत आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;
;