Azamgarh News: औषधीय फसलों की खेती से किसान होंगे मालामाल
Azamgarh News: आजमगढ़ में औषधीय फसलों की खेती से किसानों की आर्थिक स्थिति सुधरेगी। उद्यान विभाग इस साल किसानों को औषधीय फसलें उगाने के लिए समर्थन और अनुदान देगा। किसान एक हेक्टेयर में खेती करने पर 60 हजार रुपये का अनुदान प्राप्त करेंगे। इससे किसानों को कम लागत में अच्छी आमदनी हो सकेगी।

Azamgarh News: आजमगढ़, संवाददाता। औषधीय फसलों की खेती से जनपद के किसानों की आर्थिक स्थति सुधरेगी। इस साल उद्यान विभाग औषधीय फसलों की खेती कराएगा। औषधीय खेती करने पर किसानों को विभाग अनुदान भी देगी। एक हेक्टेयर में खेती करने पर किसान को 60 हजार रुपये का अनुदान मिलेगा। जिले में करीब 8.28 लाख पंजीकृत किसान हैं। अधिकतर किसान पारंपरिक खेती करते हैं। जनपद में धान, गेहूं के साथ ही गन्ना की खेती अधिक होती है। कुछ क्षेत्र में सिमित किसान ही सब्जी की खेती करते हैं। तमसा नदी के तलहटी क्षेत्र निजामाबाद, फूलपुर सहित अन्य स्थानों के साथ ही बूढ़नपुर, महराजगंज के बूढ़ावर, अजमतगढ़ सहित अन्य स्थानों पर किसान सब्जी की खेती करते हैं।
मुख्यमंत्री राज्य औद्यौगिक विकास योजना
मुख्यमंत्री राज्य औद्यौगिक विकास योजना के अंतर्गत उद्यान विभाग किसानों से औषधीय फसलों की खेती कराएगा। इस योजना से औषधीय फसलों की खेती के साथ ही विभाग की और से संकर साकभाजी की खेती, फूलों की खेती, कम लागत में मशरूम उत्पादन, मधुमक्खी पालन, बागवानी सहित अन्य के लिए अनुदान देगी। जिससे किसान कम लागत में अच्छी आमदनी कर सकें। परंपरागत खेती से हट कर आत्मनिर्भर बन सके।
आम, अमरूद, लीची, अनार और नीबू की लगेगी बागवानी
बागवानी के लिए अनुदान
औषधीय फसलों की खेती के साथ ही आम, अमरूद, लीची, अनार और नीबू की बागवानी के लिए भी किसानों को प्रोत्साहित करेगा। जनपद के पांच ब्लाक रानी की सराय, मिर्जापुर, फूलपुर अहरौला और पवई क्षेत्र में आम की पट्टी है। जनपद में आम, अमरूद, लीची, अनार और नीबू की बागवानी लगाने पर किसानों को 60 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर की दर से अनुदान मिलेगा।
किसानों का चयन और सुविधा
संबंधित किसानों का चयन किया गया है। उन्हें उपकरण सहित अन्य सुविधाएं जल्द ही उपलब्ध कराई जाएंगी। डीबीटी के माध्यम से किसानों को अनुदान दिया जाएगा। औषधीय फसलें और बागवानी से किसानों को कम लगात में अधिक आय होगी।
सुशील प्रजापति, वरिष्ठ उद्यान निरीक्षक।


