जिले में 45 हजार से अधिक राशन कार्ड रद्द
Azamgarh News - गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए संचालित राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के तहत वितरित किए जा रहे मुफ्त राशन में बड़े पैमाने पर अनियमितता सामने आने के बा

आजमगढ़, संवाददाता। गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए संचालित राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के तहत वितरित किए जा रहे मुफ्त राशन में अनियमितताओं के खुलासे के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। जिले में चलाए गए व्यापक सत्यापन अभियान के दौरान पिछले एक वर्ष में 45,569 राशन कार्ड अपात्र पाए जाने पर निरस्त कर दिए गए हैं। जांच में सामने आया कि कई ऐसे लोग भी योजना का लाभ ले रहे थे, जिनके पास वातानुकूलित (एसी) आवास, चार पहिया वाहन जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसके अलावा कुछ लाभार्थी आयकरदाता भी पाए गए। शासन के निर्देश पर खाद्य एवं रसद विभाग ने केपीआई (की परफॉर्मेंस इंडीकेटर) डाटा तथा विभिन्न विभागों से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर राशन कार्डों का सत्यापन कराया था। जिले में कोटे की कुल 2,174 उचित दर की दुकानें संचालित हैं। इनके माध्यम से 7,67,733 पात्र गृहस्थी एवं अंत्योदय राशन कार्डधारकों को खाद्यान्न वितरित किया जाता है। इन कार्डधारकों की कुल 34,29,101 यूनिट हैं, जिन्हें प्रति माह सरकार की ओर से निशुल्क राशन उपलब्ध कराया जाता है।
अनियमितताओं का पता चलना
सत्यापन के दौरान बड़ी संख्या में ऐसे लाभार्थी चिन्हित किए गए, जो शासन की ओर से निर्धारित पात्रता मानकों को पूरा नहीं करते थे, बावजूद इसके वे वर्षों से योजना का लाभ उठा रहे थे। विभागीय अधिकारियों के अनुसार निरस्त किए गए राशन कार्डों के माध्यम से प्रतिमाह हजारों यूनिट पर खाद्यान्न का वितरण किया जा रहा था। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत पात्र लाभार्थियों को प्रति यूनिट पांच किलोग्राम खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाता है। अपात्र लाभार्थियों के नाम हटाए जाने से अब वास्तविक जरूरतमंद और पात्र परिवारों को योजना का लाभ मिलने में और अधिक सुविधा होगी।
आयकरदाता और अन्य की पहचान
जिला पूर्ति अधिकारी सीमा सिंह ने बताया कि सत्यापन अभियान के दौरान आयकर रिटर्न दाखिल करने वाले, चार पहिया वाहन स्वामियों, वातानुकूलित आवास में रहने वाले तथा आर्थिक रूप से सक्षम परिवारों की पहचान की गई। ऐसे सभी लाभार्थियों के राशन कार्ड और यूनिट निरस्त कर दिए गए हैं। इसके अलावा मृत व्यक्तियों तथा लंबे समय से जिले से बाहर रह रहे लोगों के कार्ड भी सूची से हटाए गए हैं। उन्होंने बताया कि पिछले एक वर्ष में सत्यापन के दौरान कुल 45,569 राशन कार्ड अपात्र पाए गए, जिन्हें निरस्त करने की कार्रवाई की गई है।
नए राशन कार्ड के पात्र लोग
कुष्ठ और एड्स के मरीज, अनाथ, कचरा ढोने वाले, फेरी लगाने और रिक्शा चलाने, आवासविहीन परिवार, दैनिक मजदूरी करने वाले, परिवार में कोई सदस्य आयकरदाता न हो, परिवार में चार पहिया वाहन कार, ट्रैक्टर नहीं होना चाहिए। इसके अलावा 18 वर्ष से अधिक आयु की महिला को परिवार को मुखिया माना जाता है।
जिले के कार्डधारकों पर एक नजर
कुल राशनकार्ड धारक - 767733
कुल राशन की दुकान -- 2174
कुल यूनिट-- 3429101
कुल सत्यापन --45569 यूनिट केपीआई के अनुसार
प्रश्नोत्तरी
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


