गोपाष्टमी पर पूजी गईं गोमाता
श्रीकृष्ण गोशाला परिसर में गोपाष्टमी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। भाजपा सांसद दिनेशलाल यादव ने गोरक्षा का संकल्प लिया।

आजमगढ़, संवाददाता। शहर के पहाड़पुर स्थित श्रीकृष्ण गोशाला परिसर में सोमवार को गोपाष्टमी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान भाजपा सांसद दिनेशलाल यादव निरहुआ सहित अन्य लोगों ने विधि-विधान से गाय और बछड़ों का पूजन कर गोरक्षा का संकल्प लिया। सांसद दिनेश लाल यादव और श्रीकृष्ण गोशाला के पदाधिकारियों ने गाय व बछड़ों को तिलक लगाकर पूजा की। सांसद ने कहा कि गोपाष्टमी का विशेष महत्व है। इस दिन भगवान श्रीकृष्ण ने पूजन कर गायों को चराना शुरू किया था। उसी परंपरा को बनाए रखते हुए कार्तिक मास की शुक्ल पक्ष अष्टमी को गोपाष्टमी के रूप में मनाया जाता है। रासायनिक खाद, कीटनाशक जहर व ट्रैक्टर निर्माणकर्ता बड़ी-बड़ी कंपनियों ने गोवंश के स्थानों पर कब्जा कर लिया है। इस कारण किसान पशुओं को पालन का काम न कर ट्रैक्टरों पर आधारित कृषि करने लगा है। इसका सीधा असर गोवंशों पर पड़ा है। गाय हमारी वैदिक संस्कृति की पोषक हैं। सदर विधायक दुर्गा प्रसाद यादव ने कहा कि भगवान कृष्ण ने असीम सेवा कर वैदिक संस्कृति की रक्षा करने का काम किया था। इसलिए हम सभी का दायित्व बनता है कि गाय की पूजा-अर्चना के साथ उसे बचाने का भी प्रयास करें। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण पाल, अनूप अग्रवाल, मनोज खेतान, डब्बू रूंगटा, डा. मनीष त्रिपाठी, विवेक अग्रवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष जयनाथ सिंह, बंटी रूंगटा आदि उपस्थित रहे।
