डिघिया नाले पर घाघरा नदी लाल निशान से ऊपर
सगड़ी तहसील के उत्तरी दिशा में बहने वाली घाघरा नदी में एक लाख 75 हजार क्यूसेक पानी डिस्चार्ज होने से नदी तेजी से बढ़ रही है। जिससे डिघिया नाले पर नदी लाल निशान से ऊपर चली गयी है। प्रति घंटे एक सेमी की...
सगड़ी तहसील के उत्तरी दिशा में बहने वाली घाघरा नदी में एक लाख 75 हजार क्यूसेक पानी डिस्चार्ज होने से नदी तेजी से बढ़ रही है। जिससे डिघिया नाले पर नदी लाल निशान से ऊपर चली गयी है। प्रति घंटे एक सेमी की रफ्तार से बढ़ रही घाघरा से देवाराखास राजा के लालधर के पुरवा में तेजी से कटान हो रही है। जिससे ग्रामीण काफी भयभीत व सशंकित हैं।
देवरांचल में बहने वाली घाघरा नदी में नेपाल के गिरजा बैराज से रविवार को एक लाख 75 हजार क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया गया। जिससे घाघरा नदी का जलस्तर प्रति घंटे एक सेंटीमीटर बढ़ रहा है। बदरहुआ नाले पर रविवार की शाम चार बजे नदी का जलस्तर 70.95 मीटर पर था। वहीं सोमवार की शाम चार बजे 30 सेंटीमीटर बढ़कर 71.25 मीटर जलस्तर हो गया। इसी तरह डिघिया नाले पर रविवार की शाम चार बजे नदी का जलस्तर 70.24 मीटर पर था, जो सोमवार की शाम चार बजे बढ़कर 70.48 मीटर रिकार्ड किया गया। डिघिया नाले पर घाघरा नदी लाल निशान से ऊपर बह रही है। घाघरा नदी में पानी छोड़े जाने से जलस्तर बढ़ गया है, जिससे क्षेत्र में बाढ़ आने की आशंका बन गयी है। वहीं देवाराखास राजा के लालधर के पुरवा में तीन दिनों से कटान हो रही है। 14 घरों की आबादी वाला पुरवा में कटान तेज होने से ग्रामीण काफी भयभीत व सशंकित हैं। इस संबंध में अधिशासी अभियंता बाढ़ खण्ड दीपक कुमार ने बताया कि एक लाख 75 हजार क्यूसेक पानी गिरजा बैराज से छोड़ा गया है लेकिन अभी कोई खतरा नहीं है।