नहर सूखी, किसान सिंचाई के लिए परेशान

नहर सूखी, किसान सिंचाई के लिए परेशान

संक्षेप:

Azamgarh News - जहानागंज क्षेत्र की मुख्य नहर सूखी पड़ी है, जिससे किसान फसलों की सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं। नहर में घास और झाड़ियां उग आई हैं, और किसान महंगे पंपिंग सेट का सहारा लेने को मजबूर हैं। बिजली की अनियमितता ने समस्याओं को और बढ़ा दिया है। किसान नहर में जल्द पानी छोड़ने की मांग कर रहे हैं।

Dec 12, 2025 11:31 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, आजमगढ़
share

जहानागंज, हिन्दुस्तान संवाद। शारदा सहायक खंड-32 की किशनपुर टांडी, धनारबाध, तैय्यबपुर, लपसीपुर, करऊत, भुजही सहित दर्जनों गांवों से होकर जहानागंज क्षेत्र के मंदे तक गुजरने वाली मुख्य नहर इस समय सूखी पड़ी है। नहर में घास-फूस और झाडियां उग आई हैं। नहर में पानी न आने से किसान फसलों की सिचाई नहीं कर पा रहे हैं। गेहूं की बुवाई के बाद अब किसान सिंचाई करने में जुट गए हैं। नहर में पानी न पहुंचने से महंगे दामों पर पंपिंग सेट से सिंचाई करने के लिए विवश हो रहे हैं। बिजली भी समय से नहीं आ रही है। जिसके कारण ट्यूबवेल से भी सिंचाई नहीं हो पा रही है।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

किसानों का कहना है कि वर्षों से नहर की सफाई सिर्फ औपचारिकता बनकर रह गई है। पानी खेतों तक नहीं पहुंच पाता है। किसान मुन्ना सिंह, अजय सिंह, रमेश, वीरेंद्र, सत्येंद्र और रामप्रवेश ने बताया कि हर साल यही समस्या होती है। नहर की कागजों पर सफाई कर दी जाती है। उसका कोई लाभ किसानों को नहीं मिलता है। खेतों तक पानी पहुंचने से पहले ही नहर सूख जाती है। खराब बिजली व्यवस्था ने भी उनकी मुश्किलें बढ़ा दी हैं। दिन में बिजली कटौती अधिक होती है, जबकि ठंड में रात में सिंचाई करना कठिन हो जाता है। किसानों ने सिंचाई विभाग से नहर में जल्द पानी छोड़ने की मांग की है।