सुबह घर से निकले किसान का नदी में उतराया मिला शव
लाटघाट, हिंदुस्तान संवाद। रौनापार थाना क्षेत्र के सुरीली गांव निवासी एक किसान सोमवार की सुबह घर से खेत देखने के लिए निकले थे। घर से करीब आधा किलोमीटर दूर घाघरा नदी में उनका शव उतराया मिला।

लाटघाट, हिंदुस्तान संवाद। रौनापार थाना क्षेत्र के सुरीली गांव निवासी एक किसान सोमवार की सुबह घर से खेत देखने के लिए निकले थे। घर से करीब आधा किलोमीटर दूर घाघरा नदी में उनका शव उतराया मिला। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की। सुरीली गांव निवासी बाबूराम पटेल (58) घर से खेत देखने के लिए निकले थे। दोपहर तक वह घर नहीं पहुंचे। उनका खेत घाघरा नदी के तट पर है। वहीं मड़ई डालकर लोग रखवाली भी करते हैं। दोपहर तक उनका कुछ पता न चलने पर परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की। काफी खोजीबन करने के बाद भी उनके बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। शाम करीब चार बजे घर से करीब आधा किलोमीटर दूर बाबूराम पटेल का शव नदी में उतराया मिला। इसकी जानकारी होते ही गांव के लोग मौके पर पहुंच गए। नदी से शव को बाहर निकाला। मौत की सूचना मिलने पर घर में कोहराम मच गया। बाबूराम के तीन बेटे हैं। घटना के बाद से पत्नी राधिका सहित परिवार के लोग रो-रो कर बेहाल हैं।
