आजमगढ़ में नर्सिंग होम चला रहा फर्जी डॉक्टर गिरफ्तार
अतरौलिया थाने की पुलिस ने शुक्रवार की सुबह सौ शैय्या अस्पताल तिराहा के समीप से फर्जी चिकित्सक बनकर नर्सिंगहोम चला रहे कथित डॉक्टर को गिरफ्तार कर लिया।

आजमगढ़, संवाददाता। अतरौलिया थाना पुलिस ने शुक्रवार सुबह सौ शैय्या अस्पताल तिराहे के पास से फर्जी चिकित्सक बनकर नर्सिंग होम संचालित कर रहे एक कथित डॉक्टर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पिछले तीन वर्षों से लोगों को झांसा देकर इलाज और ऑपरेशन के नाम पर ठगी कर रहा था। पुलिस के अनुसार, बसहिया गांव निवासी मुकेश यादव खुद को डॉक्टर बताकर अतरौलिया क्षेत्र में नर्सिंग होम चला रहा था। वह इलाज और ऑपरेशन के नाम पर मरीजों के जीवन से खिलवाड़ करते हुए उनसे रुपये ऐंठता था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि अतरौलिया स्थित सरकारी अस्पताल में कार्यरत एक स्टाफ नर्स मरीजों को बहला-फुसलाकर उसके पास भेजती थी।
बताया गया कि आरोपी लंबे समय से फर्जी तरीके से अस्पताल संचालित कर रहा था। कुछ दिन पूर्व उसने एक महिला के पेट का गलत ऑपरेशन कर दिया, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। पीड़िता ने कोर्ट के आदेश पर 25 दिसंबर 2025 को आरोपी के खिलाफ अतरौलिया थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। मामले की जांच के दौरान पुलिस के सामने आरोपी का फर्जीवाड़ा उजागर हो गया। इसके बाद शुक्रवार सुबह मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सौ शैय्या अस्पताल तिराहे के पास से मुकेश यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


