
मन लेके आया मातारानी के भवन में...
Azamgarh News - आजमगढ़ में नारी शक्ति संस्थान द्वारा 'नारी शक्ति डांडिया महोत्सव 2024' का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में विभिन्न आयु वर्गों में डांडिया नृत्य और रूप सज्जा प्रतियोगिता आयोजित की गई। डा. पूनम तिवारी ने नारी...
आजमगढ़, संवाददाता। नारी शक्ति संस्थान के तत्वावधान में रविवार की देर शाम सिधारी स्थित एक होटल के सभागार में नारी शक्ति डांडिया महोत्सव 2024 का आयोजन किया गया। झुनझुन झनानन बाजे मैया पांव पैजनिया, हे नाम रे, सबसे बड़ा तेरा नाम रे..... मै तो आरती उतारूं रे, माता रानी के गीतों से एक बार डांडिया नृत्य शुरू हुआ तो देर रात चलता रहा। संस्था की महिलाओं ने मन लेके आया मातारानी के भवन में, एलो, एलो एलो मां बंगाली गाने पर धुमची नृत्य की प्रस्तुति की। महोत्सव को संबोधित करते हुए संस्थान की सचिव डा. पूनम तिवारी ने कहा कि 14 वर्षों से नारी शक्ति संस्थान द्वारा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। मां दुर्गा के 9 गुणों को अपनाकर ही नारी शक्ति स्वयं को सशक्त बना सकती है। उन्होंने बताया कि मां दुर्गा धैर्य, सहनशीलता, भक्ति, शक्ति, तपस्या, साहस, धर्म, पवित्रता और सिद्धि की देवी हैं। इससे पहले वैदिक ब्राह्मणी ऊषा शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार से मां दुर्गा की प्रतिमा की स्तुति एवं पूजन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर शंख एवं घंटा-घड़ियाल की ध्वनि गूंजती रही। संस्थान की अध्यक्ष डा. नेहा दूबे और अन्य पदाधिकारियों ने नवदुर्गा के रूप में उपस्थित नौ कन्याओं का पैर पखारने के बाद तिलक लगाकर आरती की। महोत्सव में तीन वर्गों में नारी शक्ति डांडिया नृत्य एवं रूप सज्जा प्रतियोगिता हुई। 15-25 वर्ष में गौरी सिंह प्रथम, अपूर्वा द्वितीय व मांसी मोदनवाल तीसरे स्थान पर रहीं। 25-45 वर्ष में डा. रजनी त्रिपाठी प्रथम, पूनम सिंह द्वितीय व प्रतिमा सिंह तृतीय रहीं। 45-60 वर्ष में रश्मी डालमिया प्रथम, सुनीता द्वितीय व नीलम सिंह तृतीय स्थान पर रहीं। विजयी प्रतिभागियों को स्मृति चिह्न, मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर पुरस्कृत किया गया। निर्णायक की भूमिका में अनुपमा राय, अर्चना, अल्का रहीं। अध्यक्षता सुधा तिवारी व संचालन अंशु अस्थाना ने किया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




