Azamgarh News: तब सालभर की खुशियां और चारों तरफ रेला, अब तो हर दिन मेला

हिन्दुस्तान, आजमगढ़
share

Azamgarh News: पीढ़ियां बदलने के साथ ही दशहरा मेले का स्वरूप भी बदलता चला गया। दादा-दादी के लिए दशहरा दोस्तों के साथ घूमने और सालभर इंतजार के बाद मिलने वाली खुशियों

Azamgarh News: तब सालभर की खुशियां और चारों तरफ रेला, अब तो हर दिन मेला

Azamgarh News: आजमगढ़, संवाददाता। दशहरा और दुर्गा पूजा सबके लिए एक ही त्योहार है, लेकिन इसे मनाने का तरीका हर पीढ़ी के साथ बदलता गया है। दादा-दादी के लिए दशहरा मेले, रामलीला, दोस्तों के साथ घूमने और सालभर इंतजार के बाद मिलने वाली खुशियों का नाम था। माता-पिता की पीढ़ी के लिए यह परंपरा और परिवार को एक साथ जोड़ने का अवसर रहा। आज के बच्चों के लिए दशहरा मनोरंजन, सोशल मीडिया, ऑनलाइन दुनिया और नई पसंद-नापसंद से भी जुड़ गया है। पीढ़ी दर पीढ़ी दशहरा मेले का स्वरूप बदलता गया, अब आधुनिकता की चकाचौध दिखती है। टीवी-मोबाइल से रामलीला की परंपरा विलुप्त हो रही है, जबकि आज के मेले में पहले वाली पंरपरा भी नहीं दिख रही है।

पीढ़ियों के साथ बदलता दशहरा मेला

रानी की सराय क्षेत्र के सुंभी गांव निवासी सेवा निवृत शिक्षक इंद्रदेव यादव कहते हैं कि

ग्राम सुंभी ब्लाक रानी की सराय हमारे समय में दुर्गा पूजा और दहशरा मेला देखने के लिए इक्का (टांगा), पैदल से समूह बनाकर जाते थे। बाजार में दस दिन पूर्व से रामलीला होती थी, बच्चों से लेकर बड़ों तक उत्सुकता बनी रहती थी। घर से दस पैसा मेला देखने के लिए मिलता था। उसी पैसे से जलेबी, चाट और गुब्बारा के साथ खिलौना खरीदकर घर लौट आतेथे। मेला की याद पूरे साल भर तक बनी रहती थी। दूसरे पीढ़ी के सत्यप्रकाश यादव ने कहा कि दशहरा मेला और दुर्गा पूजा को लेकर लोगों में काफी उत्साह रहता था। सुंभी बाजार में दो स्थान पर दुर्गा प्रतिमा स्थापित होती थी। दशहरा मेला देखने के लिए दोस्तों का समूह बनाकर बाइक या साइकिल से जिला मुख्यालय आतेथे। पिता शिक्षक थे, इसलिए हमे मेला देखने के लिए घर से 50 रुपये मिलते थे। 50 रुपये मिलने पर काफी उत्साह रहता था। इसी पैसे से मेले में मिठाई, चाट और खिलौना की खरीदारी करते थे। तीसरी पीढ़ी के आशुतोष यादव ने कहा कि दादा जी और पापा जैसा बताते हैं उस जमाने के हिसाब से हमारे दौर में दुर्गा पूजा और दशहरा मेले में काफी बदलाव आ गया। मेला देखने के लिए पापा से पांच सौ रुपये और मम्मी से भी पांच सौ रुपये मिलता है। अब इंटरनेट का दौर होने के चलते घर बैठे ही आजमगढ़ के साथ ही अन्य महानगरों के दुर्गा पूजा और मेला का लाइव देखने को मिल जाता है। लेकिन इस आधुनिकता के बाद भी मेले में पैदल घुमने का जो आनंद है, वह इंटरनेट पर नहीं मिलेगा।

नवरात्रि की परंपराओं में आया बदलाव

अहरौला ब्लाक के पूरा दुबे गांव निवासी हरीलाल कन्नौजिया ने अपने समय की नवरात्रि और दशहरे की परंपराओं को याद करते हुए बताया कि पहले गांवों में मूर्तियों का प्रचलन नहीं हुआ करता था। नवरात्रि के दौरान गांव की महिलाएं व्रत रखती थीं और गांव में स्थित काली माता के स्थान पर एकत्र होकर पारंपरिक पचरा और देवी गीत गाती थीं। उस समय धार्मिक आस्था और लोक परंपराओं का विशेष महत्व हुआ करता था। बचपन की यादें साझा करते हुए बताया कि मेला देखने के लिए पिता जी 25 पैसे दिया करते थे। उन पैसों को लेकर वे खुशी-खुशी मेला देखने जाते थे और मेला घूमने के बाद घर लौट आते थे। दूसरे पीढ़ी के शत्रुघ्न कन्नौजिया ने कहा कि समय के साथ बहुत कुछ बदल गया है। पहले गांवों में नवरात्रि पर पचरा और देवी गीत गाए जाते थे। दशहरे के मेले को लेकर लोगों में उत्साह रहता था, आज उन परंपराओं में भी बदलाव देखने को मिल रहा है। उनके समय में सादगी, आपसी मेलजोल और पारंपरिक रीति-रिवाजों से जुड़ा हुआ था, जिसकी यादें आज भी लोगों के मन में बसी हुई हैं। तीसरे पीढ़ी के शिवम कन्नौजिया ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी नवरात्रि को अपने तरीके से मनाते है। कहीं भजन-कीर्तन का आयोजन होता है, तो कहीं दुर्गा पूजा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से लोग अपनी आस्था व्यक्त करते हैं। सोशल मीडिया और आधुनिक जीवनशैली के कारण त्योहार मनाने के तरीकों में बदलाव आया है। आज युवा मोबाइल से सेल्फी लेते हैं। इंटरनेट से महानगरों के दुर्गा पूजा का घर बैठे आनंद ले रहे हैं।

रामलीला और मेले से घटता युवाओं का जुड़ाव

जहानागंज नगर पंचात के रामपुर निवासी राजेंद्र सिंह का कहना है कि उनके जमाने में रामलीला के साथ ही दशहरा मेला को लेकर लोगों में उत्साह रहता था। देर शाम को पूरे परिवार के साथ रामलीला देखने जाते थे। अब रामलीला का प्रचलन विलुप्त होने को है। दशहरा मेला बैलगाड़ी, साइकिल और पैदल परिवार के साथ देखने जाते थे। मिट्टी के खिलौने, गुब्बारे, मिठाइयां, जलेबी और लकड़ी के सामान आकर्षण होते थे। वर्तमान समय में काफी परिवर्तन हो गया है। भाईचारा तो समाप्त हो चुका है। दूसरे पीढ़ी के रणजीत सिंह सोनू ने कहा कि साइकिल से या ट्रैक्टर-ट्रॉली पर परिवार के साथ मेला देखने जाते थे। चाट-पकौड़ी, जलेबी, खिलौनों की दुकानें, झूले और रामलीला बच्चों व युवाओं के आकर्षण होते थे। मेले में अन्य गांवों के लोगों से मिलना जुलना होता था और भाई चारा बना रहता था। तीसरी पीढ़ी के अमन सिंह का कहना है कि रामलीला में अब युवाओं की कोई दिलचस्पी नहीं है।आज दशहरा मेले के प्रति युवाओं का आकर्षण घट रहा है। मेले में जाने की जरूरत नहीं, मोबाइल पर सब देखने को मिल जाता है। मेला अब मनोरंजन का साधन बन गया है। इंटरनेट के बढ़ते चलन से मेलजोल, आपसी बातचीत और भाईचारा कमजोर पड़ रहा है।

मेले के स्वरूप पर आधुनिकता और बाजार का असर

जीयनपुर निवासी झारखंडे शर्मा ने अपने अतीत को याद कर बताया कि पहले गांव में मेला काफी विशाल लगता था। लोग गृहस्थी के सामान मेले में खरीदारी करते थे। नजदीक में कोई बाजार हट नहीं थे। जिससे लोग मेले का इंतेजार करते थे। आज मेले का स्वरूप पुरी तरह से बदल गया है। आज गांव में मेला कहीं लगता है, कहीं नहीं लगता है। अब जगहों का भी अभाव हो गया है। मेले के नाम पर आधुनिकता आ गई है। दूसरे पीढ़ी के चंदन शर्मा बताते हैं कि हम लोग पिताजी के साथ मेला देखने जाते थे। खिलौने, जलेबी, पकौड़ी, केला खरीदते थे और मेले का खूब लुप्त उठते थे। आज मेले का स्वरूप जगह-जगह बजारों ने ले लिया है। आज के दौर में अब मेला देखने जाना लोग पसंद नहीं कर रहे हैं। तीसरे पीढ़ी के आदित्य शर्मा ने कहा कि आज के दौर में लोगों के पास समय नहीं है, इंटरनेट और सोशल मीडिया के चलते काफी बदलाव आ गया है। पुरानी परंपरा खत्म होने के कागार पर आ गया। महंगाई का भी काफी असर मेले पर पड़ा है।

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल

✦इंद्रदेव यादव के समय मेला देखने के लिए घर से कितने पैसे मिलते थे?−
उन्हें मेला देखने के लिए घर से दस पैसे मिलते थे।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi NewsUP Newsआजमगढ़Azamgarh News: तब सालभर की खुशियां और चारों तरफ रेला, अब तो हर दिन मेला