
बीएसए और एसओसी से मांगा स्पष्टीकरण
संक्षेप: Azamgarh News - आजमगढ़ में जिलाधिकारी रविंद्र कुमार की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में जन सुनवाई पोर्टल (आईजीआरएस) पर शिकायतों की समीक्षा की गई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों का निस्तारण समय पर और...
आजमगढ़, वरिष्ठ संवाददाता। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में जन सुनवाई पोर्टल (आईजीआरएस) पर प्राप्त शिकायतों की माह सितंबर की समीक्षा की गई। इस दौरान डीएम ने कहा कि आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत प्राप्त होने के बाद शिकायतकर्ताओं से संपर्क करें एवं सबसे अधिक असंतुष्ट फीडबैक वाले गांवों में स्थलीय भ्रमण कर शिकायतकर्ताओं से वार्ता करें। जन सुनवाई पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों में सर्वाधिक असंतुष्ट फीडबैक प्राप्त होने पर जिलाधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं एसओसी से स्पष्टीकरण लेने एवं उसकी कॉपी प्रमुख सचिव को भेजने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री कार्यालय एवं मंडलायुक्त कार्यालय से सी श्रेणी के संदर्भ प्राप्त होने पर जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी दशा में प्रकरण डिफाल्टर एवं सी श्रेणी में नहीं होना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी अधिकारी आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की स्वयं मॉनीटरिंग करें। जिलाधिकारी ने बैठक में बिना अवकाश के अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों का वेतन रोकने के निर्देश दिए। इस दौरान मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एनआर वर्मा, जिला विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, परियोजना निदेशक, डीसी मनरेगा रामउदरेज यादव, डीआईओएस उपेंद्र कुमार, अभिहीत अधिकारी खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन सुशील कुमार मिश्र आदि मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




