फूल तोड़ने को लेकर विवाद, युवती सहित चार घायल
Azamgarh News - मार्टीनगंज के पल्थी बाजार में मंगलवार को फूल तोड़ने को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। एक पक्ष ने चाकू से हमला कर भूमि तिवारी को घायल कर दिया। कुल चार लोग घायल हुए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।

मार्टीनगंज, हिन्दुस्तान संवाद। दीदारगंज थाना क्षेत्र के पल्थी बाजार में मंगलवार की सुबह फूल तोड़ने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। गालीगलौज के बाद दोनों पक्षों में लाठी-डंडे से मारपीट होने लगी। एक पक्ष ने चाकू से हमला कर युवती को घायल कर दिया। दोनों पक्षों से चार लोग घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दीदारगंज थाना क्षेत्र के पल्थी गांव निवासी 20 वर्षीय भूमि तिवारी पुत्री शिवपूजन तिवारी और 22 वर्षीय स्नेहा पुत्री कमलेश का घर आस-पास है। दोनों के घर के पास फूल लगे हैं। भूमि तिवारी ने फूल तोड़ लिया। जिसे लेकर विवाद शुरू हो गया।
दोनों पक्षों के लोग फूल को अपना बता रहे थे। दोनों पक्षों में गालीगलौज शुरू हो गई। लाठी-डंडे चलने लगे। एक पक्ष के लोगों ने चाकू से हमला कर दिया। चाकू लगने से भूमि तिवारी घायल हो गई। बचाव में आई उसकी मां 40 वर्षीय नीरज देवी को भी चोटें आईं। वहीं, दूसरे पक्ष से 22 वर्षीय स्नेहा पुत्री कमलेश, 45 वर्षीय रंजना देवी पत्नी कमलेश घायल हो गई। घायलों को मार्टीनगंज पीएचसी में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने भूमि तिवारी की हालत गंभीर देख रेफर कर दिया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


