चुनाव आयोग का निर्देश मानने के बजाय नौटंकी करते हैं अखिलेश : केशव प्रसाद मौर्य
Azamgarh News - उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि चुनाव आयोग के निर्देश का पालन करने के बजाए सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव नौटंकी कर रहे हैं। भाजपा

आजमगढ़, संवाददाता। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव चुनाव आयोग के निर्देशों का पालन करने के बजाय अनावश्यक बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा ने अपने मजबूत संगठन के बल पर विशेष पुनरीक्षण अभियान के दौरान मतदाताओं की घर-घर और बूथ स्तर पर जाकर मदद की है। उपमुख्यमंत्री शनिवार को भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी विजय बहादुर पाठक के दिवंगत पिता को श्रद्धांजलि देने के लिए उनके गांव भड़सरा खालसा पहुंचे थे। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने विभिन्न मुद्दों पर अपनी बात रखी। अखिलेश यादव के चुनाव आयोग पर भाजपा के इशारे पर काम करने के आरोप पर उन्होंने कहा कि यह उनकी व्यक्तिगत सोच है।
संभवतः उन्होंने अपनी सरकार के समय ऐसा किया होगा, इसलिए इस तरह के आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठन सपा, कांग्रेस और बसपा की तुलना में कहीं अधिक मजबूत और व्यापक है।प्रदेश में मतदाता सूची से बड़ी संख्या में नाम कटने के सवाल पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि केवल उन्हीं लोगों के नाम हटाए गए हैं, जो मृत हो चुके हैं, स्थानांतरित हो गए हैं या अवैध रूप से जुड़े थे। उन्होंने बताया कि चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि जिनका नाम सूची से हट गया है, वे फार्म 6, 7 और 8 भरकर दोबारा अपना नाम जुड़वा सकते हैं। महिलाओं को उनके अधिकार न मिलने के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि देश की आधी आबादी को न्याय पहले ही मिल जाना चाहिए था, लेकिन कांग्रेस सरकारों ने 70 वर्षों में इस दिशा में पर्याप्त कार्य नहीं किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’, ‘लखपति दीदी’ जैसी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में ठोस पहल की है। पश्चिम बंगाल के चुनाव को लेकर उन्होंने विश्वास जताया कि वहां भाजपा की सरकार बनेगी। वहीं, सपा अध्यक्ष द्वारा प्रदेश में कानून-व्यवस्था को लेकर उठाए गए सवालों पर उन्होंने कहा कि अतीक अहमद और मुख्तार अंसारी जैसे अपराधियों को किसने संरक्षण दिया, यह प्रदेश की जनता भली-भांति जानती है।एमएलसी के घर पहुंच कर व्यक्त की शोक संवेदनाडिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य शनिवार को हेलीकाप्टर से मंदुरी हवाई अड्डा पहुंचे। वहां भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय, पूर्व अध्यक्ष लालगंज सूरज प्रकाश श्रीवास्तव, भाजपा आजमगढ़ अध्यक्ष ध्रुव सिंह, भाजपा लालगंज अध्यक्ष विनोद राजभर के साथ ही अन्य नेताओं ने उनका स्वागत किया। जिलाधिकारी के साथ ही अन्य अधिकारी भी प्रोटोकाल के तहत हवाई अड्डा पर मौजूद रहे। हवाई अड्डे पर ही डिप्टी सीएम को गार्ड ऑफ आनर दिया गया। इसके बाद वह सड़क मार्ग से भड़सरा खालसा गांव पहुंचे। भाजपा एमएलसी विजय बहादुर के दिवंगत पिता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


