जिले में 611 स्थानों पर देखा गया काशी विश्वनाथ धाम का लोकार्पण
वाराणसी में बाबा विश्वनाथ कारिडोर के लोकार्पण कार्यक्रम का लाइव प्रसारण जिले के सभी प्रसिद्ध मठ और मंदिरों में देखा गया। भाजपा नेता, कार्यकर्ताओं के...
आजमगढ़। संवाददाता
वाराणसी में बाबा विश्वनाथ कारिडोर के लोकार्पण कार्यक्रम का लाइव प्रसारण जिले के सभी प्रसिद्ध मठ और मंदिरों में देखा गया। भाजपा नेता, कार्यकर्ताओं के अलावा क्षेत्र के आस्थावान भी ऐतिहासक क्षण के गवाह बने। लाइव प्रसारण से पहले सभी मठ और मंदिरों की साफ-सफाई भी की गई।
जिले के करीब 600 से ज्यादा शक्ति केंद्रों में बाबा विश्वनाथ मंदिर के लाइव प्रसारण देखने की व्यवस्था की गई थी। इस दौरान शहर के भंवरनाथ मंदिर हवन पूजन का भी आयोजन किया गया। भाजपा आजमगढ़ जिलाध्यक्ष ध्रुव सिंह ने बताया कि उनके क्षेत्र के 311 शक्तिकेंद्र में लाइव प्रसारण की व्यवस्था की गई थी। भंवरनाथ मंदिर में हवन पूजन के बाद लाइव प्रसारण देखा गया। वहीं भाजपा के लालगंज जिलाध्यक्ष ऋषिकांत राय ने बताया कि उनके क्षेत्र में कुल 300 शक्ति केंद्रों पर कार्यक्रम आयोजित किया गया था। रटेश्वर नाथ मंदिर, घमरिया शिव मंदिर लालगंज, पातालपुरी महादेव मंदिर बड़ागांव सहित कई स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।
