प्रसूता की मौत के बाद जागा स्वास्थ्य विभाग, अस्पताल सील
Azamgarh News - आजमगढ़ के लालगंज स्थित एक निजी अस्पताल में प्रसूता की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल को सील कर दिया। अस्पताल में आवश्यक मानकों का पालन नहीं हो रहा था। निरीक्षण में कई अनियमितताएं सामने आईं। डिप्टी सीएमओ ने बताया कि मरीजों की सुरक्षा से जुड़े मानकों की अनदेखी गंभीर है।

आजमगढ़, संवाददाता। लालगंज के निजी अस्पताल में प्रसूता की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग जागा। बुधवार अपराह्न एसीएमओ डॉ. आलेंद्र कुमार ने उक्त अस्पताल को सील कर दिया। लालगंज में धड़ल्ले से अवैध रूप से अस्पतालों का संचालन हो रहा है। दो-तीन महीने में ही एक अस्पताल सील के मामले आ रहे हैं, इसके बावजूद विभागीय मिलीभगत से संचालन जारी है। लालगंज में मंगलवार को सुमन हॉस्पिटल एंड चाइल्ड केयर सेंटर में प्रसूता की मौत हो गई थी। जानकारी होने पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एनआर वर्मा ने संज्ञान लिया और तत्काल कार्रवाई करते हुए डिप्टी सीएमओ, नोडल निजी चिकित्सा प्रतिष्ठान डॉ. आलेन्द्र कुमार को मौके पर जांच के लिए निर्देशित किया।
डॉ. आलेन्द्र कुमार बुधवार को अस्पताल का औचक निरीक्षण किया, जांच में अस्पताल संचालक, स्टाफ मौके पर उपस्थित मिले। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में फायर सेफ्टी व्यवस्था, बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन, आवश्यक पंजीकरण अभिलेख, प्रशिक्षित स्टाफ, मानक अनुरूप चिकित्सीय उपकरण नहीं मिले। अस्पताल निर्धारित मानकों और शासन से निर्धारित नियमों के अनुरूप संचालित नहीं पाया गया। डिप्टी सीएमओ डॉ. आलेन्द कुमार ने बताया कि मरीजों की सुरक्षा से जुड़े मानकों की अनदेखी अत्यंत गंभीर विषय है। प्रथम दृष्टया अस्पताल संचालन में लापरवाही, अनियमितताएं पाए जाने पर नियमानुसार अस्पताल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया है। संबंधित प्रकरण में आवश्यक विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


