
फर्जी लूडो बेटिंग ग्रुप बनाकर ठगी करने वाला जालसाज गिरफ्तार
Azamgarh News - आजमगढ़ में साइबर क्राइम थाना की पुलिस ने फर्जी लूडो बेटिंग ग्रुप बनाकर ऑनलाइन ठगी करने वाले सूरज प्रजापति को गिरफ्तार किया है। उसके पास से कई मोबाइल फोन, बैंक पासबुक, चेकबुक, एटीएम कार्ड और अन्य सामग्री बरामद हुई है। पुलिस ने 13 शिकायतों के आधार पर कार्रवाई की है।
आजमगढ़, संवाददाता। साइबर क्राइम थाना की पुलिस ने फर्जी लूडो बेटिंग ग्रुप बनाकर ऑनलाइन ठगी करने वाले जालसाज को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए जालसाज के पास से पुलिस ने डिजिटल एवं बैकिंग सामग्री बरामद किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर साइबर अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण पाने के लिए अभियान चलाया गया है। इस अभियान के क्रम में साइबर थाना के प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र प्रताप सिंह एवं महिला निरीक्षक विभा पांडेय ने टेलिग्राम पर फर्जी लूडो बेटिंग ग्रुप बनाकर ऑनलाइन ठगी करने वाले जालसाज को नसीरपुर खालसा गांव के समीप से रविवार की रात को गिरफ्तार कर लिया।
पकड़ा गया जालसाज सूरज प्रजापति पुत्र हरिलाल प्रजापति ग्राम नसीरपुर खालसा थाना निजामाबाद का निवासी है। सहायक नोडल अधिकारी आस्था जायसवाल ने बताया कि उक्त अपराधी के खिलाफ प्रतिबंधित पोर्टल पर ऑनलाइन गेमिंग एवं बेटिंग के नाम पर साइबर ठगी की शिकायतें प्राप्त होने पर संज्ञान में लिया गया। तकनीकी विश्लेषण एवं एकत्रीकरण सूचना के माध्यम से उक्त अपराधी को पुलिस ने उसके घर से गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए अपराधी के पास से सात मोबाइल फोन, 16 बैंक पासबुक, 15 चेकबुक, 44 एटीएम कार्ड, दो मुहर, एक डायरी, दो बार कोड मशीन, साढ़े आठ सौ रुपये बरामद हुआ है। ऐसे करता था ठगी पकड़ा गया साइबर जालसाज फर्जी लूडो बेटिंग ग्रुप बनाकर लोगों को ऑनलाइन गेम खेलकर पैसा कमाने का लालच देकर अपने ग्रुप में जोड़ता था। तत्पश्चात उन्हें टेबल लगवाकर बेटिंग कराता और अपने द्वारा उपलब्ध कराए गए बैंक खातों में धन जमा करवाकर साइबर ठगी करता था। गिरफ्तार जालसाज के खिलाफ 13 शिकायतें दर्ज पाई गईं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




