Azamgarh News: कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शन
Azamgarh News: आजमगढ़ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नेता अनिल यादव की गिरफ्तारी का विरोध करते हुए प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यालय से जुलूस निकालकर कलक्ट्रेट पहुंचे और डीएम को ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष कौशल कुमार सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में अपनी आवाज उठाना हर नागरिक का अधिकार है और सरकार को निष्पक्षता से मामले की समीक्षा करनी चाहिए।

Azamgarh News: आजमगढ़, वरिष्ठ संवाददाता। निवर्तमान प्रदेश संगठन महासचिव अनिल यादव सहित कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी और एफआईआर के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने लोकतांत्रिक तरीके से जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यालय से जुलूस निकालकर कलक्ट्रेट पहुंचे और डीएम को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान जिलाध्यक्ष कौशल कुमार सिंह ‘मुन्ना राय’ ने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखना हर नागरिक और राजनीतिक दल का संवैधानिक अधिकार है। अनिल यादव सहित कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी तथा एफआईआर लोकतांत्रिक आवाज को दबाने का प्रयास है। सरकार को तत्काल पूरे मामले की निष्पक्ष समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि वोट चोरी और निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता से जुड़े गंभीर सवालों का समाधान दमन से नहीं, बल्कि निष्पक्ष जांच और लोकतांत्रिक संवाद से होना चाहिए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं की आवाज को दबाने के बजाय सरकार को उठाए जा रहे सवालों का जवाब देना चाहिए। मुन्ना राय ने स्पष्ट कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक अधिकारों और निष्पक्ष निर्वाचन प्रक्रिया के लिए अपनी आवाज मजबूती से उठाती रहेगी। शांतिपूर्ण विरोध करने वाले नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप नहीं है। प्रदर्शन में रियाजुल हसन, राजाराम यादव, राहुल राय, गिरीश चंद्र चतुर्वेदी, बिपिन कुमार पाठक, चंद्रपाल सिंह यादव, अंसार अहमद, मुन्नू यादव, बेलाल बेग, तेज बहादुर यादव, मो. आमिर, पूर्णमासी प्रजापति, विवेक राय, शीला भारती, प्रेम चौहान, अजीत राय आदि मौजूद रहे।

