ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि के साथ ही लगाए जाए नये ट्रांसफार्मर : मंडलायुक्त
आजमगढ़ में मंडलायुक्त विवेक की अध्यक्षता में विकास एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। बिजली, फसल बीमा, सामाजिक वनीकरण और एंबुलेंस रिस्पांस टाइम में सुधार पर चर्चा हुई। मंडलायुक्त ने योजनाओं के बेहतर कार्यान्वयन के लिए निर्देश दिए।

आजमगढ़, संवाददाता। मंडलायुक्त विवेक की अध्यक्षता में शनिवार को मंडलायुक्त सभागार में सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित विभिन्न विभागों के ग्रेडिंग एवं रैंकिंग के आधार पर विकास एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक हुई।
बिजली की स्थिति की समीक्षा
बिजली की दयनीय स्थिति को मंडलायुक्त ने गंभीरता से लेते हुए अधीक्षण अभियन्ता विद्युत को प्रभावी कार्यवाही करने का निर्देश दिया। उन्होंने विद्युत कंट्रोल रूम को और अधिक सक्रिय क्रियान्वयन करने पर बल दिया, जिससे जनमानस की शिकायतों का यथाशीघ्र समाधान हो सके। ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि के साथ ही आवश्यकतानुरूप नये ट्रांसफार्मर लगाने का निर्देश दिया। जनमानस द्वारा लगातार विद्युत बिल में शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसई विद्युत को निर्देशित किया कि एसडीओ की निरंतर समीक्षा करें एवं एसडीओ द्वारा गलत कार्य करने पर कड़ी कार्यवाही सुनिश्चित करें।
प्रधानमंत्री योजनाओं की समीक्षा
प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने कहा कि योजनाांर्गत तीनों जनपदों में अधिक से अधिक आवेदन कराएं। लक्ष्य के सापेक्ष बैंकों से समन्वय कर अधिक से अधिक लाभार्थियों को लाभांवित कर रैंकिंग एवं ग्रेडिंग में सुधार लाएं। उन्होंने कहा कि जो भी आवेदन निरस्त किया जाए, उसका कारण भी स्पष्ट करें, यदि कोई भी आवेदन बिना किसी कारण के निरस्त किया हुआ पाया जाता है तो संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने कहा कि छोटी-मोटी कमियों को दूर करते हुए लोगों को योजना का लाभ दिया जाए।
कृषि और वनीकरण पर चर्चा
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने जेडी कृषि को निर्देश दिया कि व्यापक प्रचार-प्रसार कराते हुए अधिकाधिक आवेदन कराना सुनिश्चित करें। उप निदेशक कृषि द्वारा अवगत कराया गया कि मौसमी आपदा के 72 घंटे के अन्दर ही ऑनलाइन आवेदन को विभाग स्वीकृत करता है। किसान द्वारा 03 दिन की समय सीमा बीत जाने के बाद आवेदन करने पर फार्म रिजेक्ट हो जाता है। कृषक हित में उन्होंने जेडी कृषि को निर्देशित किया कि फसल बीमा योजना में समय-सीमा बढ़ाये जाने हेतु उनके स्तर से एक पत्र बनवाकर शासन को प्रेषित करना सुनिश्चित करें।
सामाजिक वनीकरण की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने वन विभाग को निर्देश दिया कि विभिन्न साइटों पर विजिट कर पौधारोपण की संख्या का सत्यापन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकरण की गलत रिपोर्टिंग न करें। पिछले वर्ष लगाये गये पौधों का संरक्षण, देखभाल कर उनका बचाव करना भी बहुत जरूरी है। हमें पौधरोपण के साथ ही उसके बचाव पर भी बल देना है।
अन्य योजनाओं की समीक्षा
मंडलायुक्त ने मुख्यमंत्री आवास योजना, डे एनआरएलएम, फैमिली आईडी, राज्य योजना, सेतुओं का निर्माण, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना, ओडीओपी टूलकिट वितरण, बागवानी, कृषि रक्षा रसायन, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, बीज डीबीटी, प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, सड़क निर्माण, 15वां वित्त आयोग, 5वां वित्त आयोग, आपरेशन कायाकल्प, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, नई सड़कों का निर्माण आदि की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को योजनान्तर्गत अपेक्षित प्रगति लाते हुए रैंकिंग एवं ग्रेडिंग में सुधार लाने के निर्देश दिये।
बैठक में जिलाधिकारी मऊ आनंद वर्धन, जिलाधिकारी बलिया मंगला प्रसाद सिंह, मुख्य विकास अधिकारी आजमगढ़ परीक्षित खटाना, मऊ विवेक कुमार श्रीवास्तव, बलिया ओजस्वी राज, डीएफओ आकांक्षा जैन, अपर आयुक्त प्रमोद कुमार पांडेय, संयुक्त विकास आयुक्त सहित समस्त मंडलीय अधिकारी एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
एंबुलेंस सेवा की समीक्षा
एंबुलेंस के रिस्पांस टाइम को कम करने के दिए निर्देश
एंबुलेंस 108/102 की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने निर्देश दिया कि एंबुलेंस के रिस्पांस टाइम को कम कर लोगों को इसका लाभ पहुंचाया जाए। आजमगढ़ और बलिया में 11 मिनट के सापेक्ष मऊ में रिस्पांस टाइम 02 मिनट ज्यादा अर्थात 13 मिनट लगने की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए मऊ सीएमओ को रिस्पांस टाइम कम करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि चिकित्सकीय उपचार में एक-एक सेकेंड जीवन बचाने के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण होता है। मंडलायुक्त ने उप निदेशक दिव्यांगजन को निर्देशित किया कि दिव्यांग पेंशन का सत्यापन संवेदनशीलता के साथ व्यवहारिक स्तर पर किया जाए। उपकरण पाए 03 साल से अधिक समय हो चुके दिव्यांग लाभार्थियों को पुन: उपकरण दिलाना सुनिश्चित करें, जिससे उनकी दिनचर्या सुगमता के साथ हो सके।
गोवंश संरक्षण की समीक्षा
कि खुले में घूम रहे गोवंश के संरक्षण पर दिया बल
पशुपालन विभाग की समीक्षा में मंडलायुक्त ने कहा कि खुले में घूम रहे गोवंश को गौ आश्रय स्थलों में पहुंचाया जाए। उन्होंने गोवंशों के संरक्षण पर बल दिया। कहा कि मंडल के तीनों जनपदों में पशुओं का शत प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्किल डेवलपमेंट के अन्तर्गत धरातल पर कार्य करते हुए अधिक से अधिक युवाओं को व्यवसायिक प्रशिक्षण से निपुण करने पर बल दिया, ताकि युवा आत्मनिर्भर व स्वावलम्बन की ओर अग्रसर हो सकें।
परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा
90 प्रतिशत पूर्ण हो चुके परियोजनाओं को यथाशीघ्र पूर्ण कर चालू करायें
जल जीवन मिशन ग्रामीण की समीक्षा में मंडलायुक्त ने निर्देश दिया कि एफएचटीसी की प्रगति बढ़ाते हुए रैंकिंग एवं ग्रेडिंग में सुधार लाएं। योजना अंतर्गत हर घर को नल से जल की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाए। उन्होंने कहा कि 90 प्रतिशत से ऊपर पूर्ण हो चुके कार्यों को यथाशीघ्र पूर्ण कराते हुए परियोजना को चालू करायें। पोषण अभियान की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि फिल्ड विजिट को बढ़ाते हुए अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करें। उन्होने कहा कि अभियान के अन्तर्गत कुपोषित बच्चों को सुपोषण की श्रेणी में लाये जाने हेतु आवश्यक कार्यवाही की जाए। स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के अन्तर्गत व्यक्तिगत शौचालय के ग्रेड में कमी होने पर प्रगति बढ़ाने का निर्देश दिया।
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


