आजमगढ़। निज संवाददाता
लगातार तीसरे दिन शनिवार को सूर्य के दर्शन नहीं हुए, कड़ाके की सर्दी रही। सुबह में घना कोहरा के कारण सड़कों पर वाहनों की गति थम गई। वाहन रेंगते हुए चल रहे थे। सुबह से लेकर शाम तक लोग अलाव के पास गर्मी लेते रहे। शाम ढ़लते ही ठंड में और इजाफा हो गया। सड़कों पर सन्नाटा हो गया।
चार दिन से पड़ रही कड़ाके की ठंड शनिवार को भी जारी रही। सड़क पर जा रहे बाइक सवार राहगीर रास्ते में रुक कर अलाव के पास शरीर को गर्म करते नजर आए। रोडवेज व प्राइवेट बस स्टैंड पर वाहनों से उतरने के बाद यात्री अलाव के पास ही जा रहे थे। शनिवार को अधिकतम तापमान 19 व न्यूनतम 8 डिग्री सेल्सियस रहा। जो शुक्रवार से न्यूनतम व अधिकतम तापमान एक डिग्री सेल्सियश अधिक रहा। जिससे गलन में कुछ राहत रही। शनिवार की सुबह में घना कोहरा के कारण दृष्यता 50 मीटर से भी कम रही। जिससे वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लग गया था। घना कोहरा के कारण लोग दिन में भी वाहनों की लाइट जला कर चल रहे थे। गलन के साथ ठंडी रही। दिन चढ़ने के साथ धीरे-धीरे गर्मी बढ़ने लगी लेकिन गलन से राहत नहीं मिली। शाम होते ही कड़ाके की ठंड हो गई। समय से पहले की बाजारों में सन्नाटा पसर गया।