ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश आजमगढ़CAA Protest: ये देश बचाने की लड़ाई है, हम भी एक इंच पीछे नहीं हटेंगेः प्रियंका गांधी, VIDEO

CAA Protest: ये देश बचाने की लड़ाई है, हम भी एक इंच पीछे नहीं हटेंगेः प्रियंका गांधी, VIDEO

नागरिकता संशोधन कानून (CAA) का विरोध करते हुए पुलिस लाठीचार्ज का शिकार हुईं महिलाओं से मिलने आजमगढ़ पहुंचीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि भाजपा सरकार संविधान को तोड़ने का काम कर...

CAA Protest: ये देश बचाने की लड़ाई है, हम भी एक इंच पीछे नहीं हटेंगेः प्रियंका गांधी, VIDEO
आजमगढ़ वरिष्ठ संवाददाताWed, 12 Feb 2020 06:27 PM
ऐप पर पढ़ें

नागरिकता संशोधन कानून (CAA) का विरोध करते हुए पुलिस लाठीचार्ज का शिकार हुईं महिलाओं से मिलने आजमगढ़ पहुंचीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि भाजपा सरकार संविधान को तोड़ने का काम कर रही है। हमें, आपको सबको मिलकर संविधान को बचाना होगा। यह देश बचाने की लड़ाई है। अपनी गौरवशाली विरासत को बचाने की लड़ाई है। इस लड़ाई में हम भी इंच भर पीछे नहीं हटेंगे। देश बचाने की इस लड़ाई का हिस्सा हूं, मुझे इस बात का फख्र है|। आज़मगढ़ के बिलरियागंज में सीएए और एनआरसी के खिलाफ बिलरियागंज में हुए प्रदर्शन में पांच फरवरी को पुलिस हिंसा और उत्पीड़न की शिकार हुईं पीड़ित महिलाओं व जेल भेजे गए लोगों के परिजनों से प्रियंका गांधी ने मुलाकात की। 

दोपहर एक बजे कस्बे में पहुंची प्रियंका ने कहा कि सीएए व एनआरसी के खिलाफ चल रहे आंदोलनों में हुई पुलिसिया हिंसा को लेकर मानवाधिकार आयोग में शिकायत की है। पुलिस महानिदेशक और मुख्य सचिव तलब किये गये हैं। प्रदेश में जहां भी उत्पीडन-दमन होगा, मैं आवाज बुलंद करूंगी। कहा इसके पहले मै बिजनौर, मुजफ्फरनगर, लखनऊ, बनारस गई। वहां लोगों से मिली उत्तर प्रदेश में जहां भी दमन होगा, अत्याचार होगा, नाइंसाफी होगी, वहां मै जाउंगी और सबके दु:ख- दर्द का हिस्सा बनूंगी। यह मेरा फ़र्ज़ है, मुझे कोई भी रोक नहीं सकता।

उन्होंने कहा कि आज़मगढ़ बिलरियागंज के पुलिसिया उत्पीड़न की रिपोर्ट भी मानवाधिकार आयोग को वे भेजेंगी। लगभग 45 मिनट तक कस्बे के अयूब नगर में मास्टर जुनैद खान के मकान के अहाते में जुटी महिलाओं से उनका दर्द साझा करने के बाद वह कुछ देर अपने वाहन पर चढ़कर मौजूद सैकड़ों की भीड़ को संबोधित भी किया। कस्बे में खुले वाहन में ही खड़े होकर मौजूद लोगों का अभिवादन स्वीकार करते हुए लगभग दो बजे वह बाबतपुर के लिए रवाना हो गईं।  उनके साथ पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद, प्रदेश अध्यक्ष लल्लू सिंह, अराधना मिश्र, राजेश त्रिपाठी, अजय राय,आदि नेता भी मौजूद थे। 

आरक्षण विरोधी है भाजपा सरकार 
प्रियंका ने कहा कि भाजपा आरक्षण के खिलाफ है। उत्तराखंड में सरकार ने बयान दिया है कि आरक्षण संवैधानिक अधिकार नहीं है। यह सरकार गरीब और वंचित विरोधी कानून की पैरोकार है। सुप्रीम कोर्ट में आरक्षण विरोधी कानून के लिए वकील खड़ा किया। उन्होंने कहा कि आरक्षण संविधान के मौलिक अधिकारों में है। संविधान विरोधी इस कानून के खिलाफ भी कांग्रेस संघर्ष करेगी। भाजपा सरकार सामाजिक न्याय विरोधी है, दलित-पिछड़ा विरोधी है। ये जितने भी कानून ला रहे हैं वह एक संप्रदाय के खिलाफ नहीं बल्कि संविधान के खिलाफ हैं।

सरकार को मुकदमें वापस लेने होंगे
प्रियंका ने कहा कि मुझे महिलाओं ने बताया कि पांच फरवरी की भोर में महिलाओं को लाठियों से पीटा गया। आधी रात को आंसू गैस के गोले सत्ता के इशारे पर महिलाओं के ऊपर चलाया गया। घरों में तोड़-फोड़ हुई। गलत तरीके से निर्दोष लोगों की गिरफ्तारियां हुईं। मौलाना ताहिर मदनी को घर से बुलाकर गिरफ्तार किया गया। जो पुलिस के साथ लगातार शांति के लिए प्रदर्शनकारियों से बात कर रहे थे, पर प्रशासन ने ग़लत तरीके से गिरफ्तार कर लिया। कई छात्र जो दूसरे प्रदेशों में पढ़ाई कर रहे हैं, उनकी बाकायदा पहचान करके उनको गिरफ्तार किया गया। ये नाइंसाफी है। मेरी पार्टी और मै इसके खिलाफ लड़ाई लड़ती रहूंगी। सरकार को सभी मुकदमें वापस लेने होंगे। सभी की रिहाई जब तक नहीं होती तब तक मै लड़ती रहूंगी। 

शांतिपूर्ण प्रदर्शन का दमन गलत 
पीड़ित महिलाओं से बातचीत के बाद उन्होंने कहा कि सीएए और एनआरसी के खिलाफ 4 फरवरी को 10 बजे सुबह से शांतिपूर्ण तरीके से बिलरियागंज में मौलाना अली जौहर पार्क में धरना शुरू किया गया। अगले दिन भोर में करीब 4 बजे आज़मगढ़ के जिलाधिकारी और पुलिस कप्तान पूरी फोर्स के साथ आए। महिलाओं ने कहा कि वे लगातार प्रशासन से कह रहीं थीं कि फ़ज़र की नमाज़ अदा करके चली जाएंगी। लेकिन पुलिस अधिकारियों ने लाठीचार्ज कर दिया। आंसू गैस के गोले महिलाओं के ऊपर चलाया गया। सिर्फ इतना ही नहीं पुलिस ने महिलाओं के ऊ पर पथराव भी किया जिसमें करीब तीन दर्जन महिलाएं घायल हुईं। कई बच्चे जख्मी हुए। पुलिस पथराव में सरवरी बानों इतनी गंभीर रूप से घायल हुईं कि सात दिन से वे आईसीयू में हैं। पुलिस ने पार्क में  वहां टैंकर से पानी लाकर पूरा पार्क भर दिया। तब से रोजाना पुलिस टैंकर से पानी लाती है और पार्क को भर देती है। उनके निर्देश पर प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू और विधायक दल नेता आराधना मिश्रा पुलिसिया हिंसा की शिकार सरवरी बानो से बिलरिया की चुंगी अस्पताल जाकर मुलाकात की।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें