पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर हादसा, एक की मौत, दो घायल
Azamgarh News - अहरौला (आजमगढ़) में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर एक एंबुलेंस के टायर फटने से अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गई। हादसे में एंबुलेंस के सहायक उत्तम यादव की मौत हो गई, जबकि चालक और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अहरौला (आजमगढ़), हिन्दुस्तान संवाद। क्षेत्र के फुलवरिया के पास पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर गुरुवार की सुबह लखनऊ से लौट रही एंबुलेंस टायर फटने के कारण अनियंत्रित होकर आगे जा रहे ट्रक से जा भिड़ी। हादसे में एंबुलेंस में तैनात सहायक की मौत हो गई, जबकि चालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गोरखपुर जनपद के बड़हलगंज थाना क्षेत्र के महुवल गांव निवासी 22 वर्षीय उत्तम यादव उर्फ गुड्डू एंबुलेंस में सहायक के तौर पर तैनात था। बुधवार को वह एंबुलेंस से मरीज लेकर लखनऊ के राम मनोहर लोहिया अस्पताल गया था।
मरीज को छोड़ने के बाद गुरुवार की सुबह एंबुलेंस के साथ आजमगढ़ लौट रहा था। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के किलोमीटर 204 पर अहरौला थाना क्षेत्र के फुलवरिया के पास पहुंचने पर एबुलेंस का आगे का टायर फट गया। जिससे वह अनियंत्रित होकर आगे जा रहे ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एंबुलेंस का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद घायलों में चीखपुकार मच गई। सूचना पर यूपीडा की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस से बाहर निकाला। एंबुलेंस के सहायक उत्तम यादव उर्फ गुड्डू की मौके पर ही मौत हो गई थी। एंबुलेंस चालक जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के नुरुद्दीपुर निवासी 25 वर्षीय अनिल यादव और 29 वर्षीय रजेश यादव गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखकर रेफर कर दिया। दोनों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उत्तम यादव तीन भाइयों में छोटा था। घटना की जानकारी मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया। यूपीडा की टीम ने दुर्घटनाग्रस्त एंबुलेंस को क्रेन से हटाया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


