यूपी में आधी रात कमांडो ऐक्शन, ट्रिपल मर्डर का आरोपी ढेर, तीन में से एक मासूम की भी मौत

लाइव हिन्दुस्तान, अहरौला/शाहपुर (आजमगढ़), हिन्दुस्तान संवाद
share

यूपी के आजमगढ़ में पत्नी और दो पुरोहितों की हत्या कर तीन बच्चों के साथ घर में छिपे युवक को भी मार गिराया गया है। लखनऊ से आधी रात पहुंचे एटीएस कमांडो ने युवक को ढेर किया। इस दौरान एक बच्चे की भी मौत हो गई है।

azamgarh tripal murder
आजमगढ़ में ट्रिपल मर्डर का आरोपी युवक (बाएं) और बच्चों को बचाने के लिए पहुंचे कमांडो।

यूपी के आजमगढ़ में मंगलवार शाम घर में पूजा करा रही पत्नी और दो पुजारियों की गोली मारकर हत्या करने के बाद बच्चों के साथ छिपे युवक को भी मार गिराया गया है। आरोपी के साथ छह साल और आठ माह की दो बेटियां और चार साल का बेटा था। बच्चों को सुरक्षित निकालने के लिए देर रात कमांडो कार्रवाई की गई। लखनऊ से पहुंचे एटीएस के कमांडो पर भी युवक ने गोलियां चलाईं। जवाबी कार्रवाई में युवक को ढेर कर दिया गया। इस दौरान चार साल के बेटे की भी मौत हो गई है। बड़ी बेटी के हाथ में गोली लगी है। बनारस से पहुंचे एडीजी ने बताया कि आरोपी ने कमांडो पर पांच राउंड फायरिंग की। इसके जवाब में कमांडो टीम की ओर से चार राउंड गोलियां चलाई गईं।

भूत प्रेत के साया के शक में पत्नी करा रही थी पूजा

शंभूपुर गांव निवासी अरविंद सिंह पर भूत प्रेत का साया होने का परिजनों को शक था। वह शराब का भी आदी है। अरविंद के ऊपर से भूत प्रेत का साया हटाने के लिए घर में चार दिन से अनुष्ठान चल रहा था। बुधवार को पूर्णाहुति होनी थी। मंगलवार शाम को अरविंद की पत्नी 32 वर्षीय बबिता पूजा पर बैठी थी। अहरौला इलाके के पठखौली गांव निवासी 55 वर्षीय महेंद्र पाठक और छिताना गोझा गांव निवासी 50 वर्षीय अखिलेश मिश्र समेत चार पुजारी अनुष्ठान करा रहे थे।

बताया जा रहा है कि शाम करीब साढ़े छह बजे अरविंद नशे में घर पहुंचा और अनुष्ठान का विरोध करने लगा। इस दौरान अरविंद ने पुजारियों से आधार कार्ड मांगा, जिसे लेकर पुजारियों से बहस होने लगी। बबिता ने जब अरविंद को शांत करने की कोशिश की तो वह और आक्रोशित हो गया और रिवॉल्वर ले आया।

दो पुजारियों ने भागकर बचाई जान

आरोपी ने पहले पत्नी को गोली मारी। फिर दोनों पुजारियों पर भी फायर झोंक दिया। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। दो अन्य पुजारी और परिजन बाहर भाग गए। गोली चलने की आवाज पर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। भागते लोगों को देखकर अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। इसी बीच किसी ने पुलिस को घटना के बारे में सूचना दे दी। अपने तीन बच्चों को ढाल बनाते हुए युवक एक कमरे में छिप गया।

लखनऊ से रात 12.30 बजे पहुंचे एटीएस कमांडो

घटना की जानकारी होने पर डीआईजी सुनील कुमार सिंह और एसएसपी डॉ. अनिल कुमार तीन थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। रात करीब साढ़े 11 बजे एडीजी वाराणसी जोन नवीन अरोड़ा भी घटनास्थल पर आए। आरोपी को कमरे से बाहर निकालने के लिए लखनऊ से रात करीब 12.30 बजे एटीएस के दर्जन भर कमांडो पहुंचे। मौके पर पहुंचते ही कमांडों ने मोर्चा संभाला और कार्रवाई शुरू कर दी। आरोपी को मार गिराया गया। बताया जाता है कि इससे पहले उसने अपने बेटे को भी गोली मारकर हत्या कर दी।

एडीजी ने बताया कि आरोपी अरविंद मानसिक रूप से बीमार था। उसका इलाज भी चल रहा था। परिजनों को आशंका थी कि उसके ऊपर भूत-प्रेत का साया है। इसे लेकर घर में चार दिनों से पूजा पाठ कराया जा रहा था। इसी बात पर विवाद हुआ और उसने पत्नी समेत तीन लोगों की हत्या कर दी। बच्चों को सुरक्षित निकालने के लिए कमांडो कार्रवाई की गई।

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsयूपी में आधी रात कमांडो ऐक्शन, ट्रिपल मर्डर का आरोपी ढेर, एक मासूम की भी मौत