
मैंने भी सुना है कि मुझसे मिलने आ रहे, अखिलेश के आने से ठीक पहले आजम खां का तंज
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव बुधवार को आजम खां से मिलने रामपुर उनके घर जा रहे हैं। इससे पहले आजम ने मंगलवार को कहा कि मैंने भी सुना है कि मुझसे मिलने आ रहे हैं। यह भी कहा कि आएंगे तो सिर्फ मुझसे ही मिलेंगे। रामपुर के सांसद को लेकर भी आजम खां की तल्खी नजर आई।
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव बुधवार को आजम खां से मिलने रामपुर आ रहे हैं। इससे पहले आजम खां ने मीडिया से बातचीत में कहा कि सुना है आ रहे हैं, आप लोगों से ही सुना है...। आ रहे हैं, अच्छी बात है। मुझसे मिलने आ रहे हैं। मेरी सेहत के बारे में हालचाल लेंगे। मुझसे ही मिलेंगे और सिर्फ मुझसे ही। कहा कि यह उनका बड़प्पन है एक बकरी चोर-भैंस चोर से मिलने आ रहे हैं।
अखिलेश से गिले-शिकवे दूर होने के सवाल पर आजम ने कहा कि यह बात मैं आपको बताऊंगा, इतना हल्का समझा है मुझे। सांसद मोहिब्बुल्ला पर फिर तंज कसते हुए, बोले-उनकी बात मत करो। आजम ने कहा कि मेरी दरख्वास्त है कि कोई मेरा ये घर खरीद ले। मैं मुर्गी चोर..बकरी चोर..कहां से भरूंगा 34 लाख जुर्माना। मुझ पर 114 मुकदमें हैं, मेरे परिवार पर साढ़े तीन सौ केस हैं, मुझसे जो भी मिलने आ रहा है, उसका बड़प्पन है। उन्होंने फिर दोहराया कि मैं रामपुर का टिकट नहीं दिलवा सका तो मुरादाबाद का कैसे कटवा देता।
कोई मेरा घर खरीद ले, मुर्गी चोरी का जुर्माना जमा करना है
आजम खां ने अपने ऊपर चल रहे मामलों और जुर्मानों को लेकर भी तीखी टिप्पणी की। कहा, कोई मेरा घर खरीद ले, क्योंकि एक मुर्गी चोर कितना जुर्माना देगा? एक मुकदमे में ही 35 लाख रुपए का जुर्माना है, 21 साल की सजा है और अभी 114 मुकदमे बाकी हैं। पूरे परिवार पर 350 मुकदमे हैं।
मैंने किताबें चुराकर विश्वविद्यालय बनाया है आजम खान ने कहा कि मुझे खुद से नाराजगी है। मैं अपराधी हूं जिस पर कई मुकदमे हैं। मैंने किताबें चुराकर विश्वविद्यालय बनाया है। मगर अपना घर नहीं बनाया है। मुझ पर डकैती की दफाएं लगी हैं। 1 मुकदमे में 21 साल की सजा और 34 लाख रुपए का जुर्माना लगा है। अभी 113 मुकदमों का फैसला बाकी है।
पूर्व सांसद एचटी हसन से नाराजगी के सवाल पर आजम खां ने कहा कि थोड़ी देर की नाराज़गी है, जल्द ही दूर हो जाएगी। मैं उनके घर चाय पीने चला जाऊंगा, वो बाहर आकर मेरा स्वागत करेंगे।
देश में सबसे बड़ा भूमाफिया मैं यानी आजम खां
आजम खां ने कहा कि मुझे देश में कोई बड़ा नेता के तौर पर नहीं, बल्कि सबसे बड़े भूमाफिया के तौर पर देखा जा सकता है। उन्होंने कहा कि देश में तीन बड़े भूमाफिया हुए हैं। सबसे बड़ा भूमाफिया मैं यानी आजम खां है। दूसरे नंबर मुख्तार अंसारी और तीसरे नंबर पर अतीक अहमद। इनमें से मैं जिंदा बच गया हूं। उन्होंने आगे कहा कि कब तक जिंदा हूं, मैं भी नहीं जानता।
एक घंटा आजम के घर रहेंगे अखिलेश यादव
समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव बुधवार को मो. आजम खान से मिलने उनसे आवास रामपुर जाएंगे। वह एक घंटे तक आजम के घर रहेंगे। अखिलेश से पहले पार्टी के अन्य नेता भी मिल चुके हैं। कांशीराम की पुण्यतिथि पर बसपा की आयोजित रैली से ठीक एक पहले दोनों नेताओं की मुलाकात के सियासी मायने भी हैं। आजम के जेल से छूटने के साथ ही उनके बसपा में जाने की चर्चाओं को भी इससे काफी हद तक विराम लगेगा। हालांकि आजम खुद किसी अन्य दल में जाने की बात नकार चुके हैं।
समाजवादी पार्टी द्वारा जारी कार्यक्रम के मुताबिक अखिलेश 10.30 बजे अमौसी एयरपोर्ट से निजी विमान से बरेली जाएंगे। वहां से वह कार से रामपुर जाएंगे और 12.30 बजे उनकी आजम खान से मुलाकत होगी। यह मुलाकात करीब एक घंटे के लिए प्रस्तावित है। इसके बाद वह 1.30 बजे वहां से निकल कर बरेली एयरपोर्ट 2.30 बजे पहुंचेंगे और निजी हेलीकाप्टर से 3.30 बजे लखनऊ पहुंचेंगे। इन दोनों नेताओं की मुलाकात पर सभी की नजरें लगी हुई हैं। आजम खान 23 महीने सीतापुर जेल में रहने के बाद 23 सितंबर को रिहा हुए थे।
आजम खान सपा के संस्थापक सदस्यों में रहे हैं और वह नेताजी स्व. मुलायम सिंह यादव के काफी करीब रहे हैं। आजम खान की प्रदेश में अपने समाज में अच्छी पकड़ है और मुस्लिमों का वोट पाने के लिए बसपा हमेशा बेचैन रहती है। जेल से रिहाई के बाद आजम खान के बसपा में जाने की चर्चाओं को लेकर मुस्लिम वोट बैंक में सेंधमारी की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। इसीलिए अखिलेश और आजम खान की इस मुलाकात पर सभी सियासी दलों की नजरें लगी हुई हैं। माना जा रहा है कि अखिलेश भी उनसे मिलकर संदेश देंगे कि दोनों के रिश्तों में कोई खटास नहीं है। पार्टी में आज भी उनकी उतनी ही जरूरत है, जितनी नेताजी के समय थी।

लेखक के बारे में
Yogesh Yadavयोगेश यादव हिन्दुस्तान में डिप्टी न्यूज एडिटर के पद पर हैं।
और पढ़ें



