नक्शा तो किसी यूनिवर्सिटी का पास नहीं, इमरान प्रतापगढ़ी ने पूछा- जौहर की तरह सभी पर चलेगा बुलडोजर

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

आजम खां की जौहर विश्वविद्यालय को गिराने के फैसले पर इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा कि नक्शा तो किसी यूनिवर्सिटी का पास नहीं है। क्या सभी को इसी तरह बुलडोजर से गिराया जाएगा।

नक्शा तो किसी यूनिवर्सिटी का पास नहीं, इमरान प्रतापगढ़ी ने पूछा- जौहर की तरह सभी पर चलेगा बुलडोजर

यूपी के रामपुर में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव आजम खां की जौहर विश्वविद्यालय का नक्शा पास नहीं होने के कारण उसे ध्वस्त करने का आदेश दिया गया है। इसे लेकर प्रशासन के खिलाफ समाजवादी पार्टी ने मोर्चा खोला हुआ है। अब कांग्रेस के सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने इसे लेकर पूछा कि नक्शा तो किसी यूनिवर्सिटी का पास नहीं है। क्या जौहर यूनिवर्सिटी की तरह सभी पर बुलडोजर चलाया जाएगा?

इमरान ने कहा कि जब जौहर युनिवर्सिटी का निर्माण हो रहा था तब वो क्षेत्र रामपुर डेवलपमेंट अथॉरिटी के दायरे में नहीं आता था, बाद में प्राधिकरण ने अपना दायरा बड़ा कर लिया। अब रामपुर के डीएम कह रहे हैं कि जौहर युनिवर्सिटी का नक्शा नहीं पास है तो गिराने का आदेश पारित कर दिया गया है।

इमरान ने कहा कि नक्शा तो इस देश के ज्यादातर DM ऑफिस का भी नहीं पास होगा तो क्या सब को ज़मींदोज़ कर दोगे? एैसे बेतुके और तानाशाही वाले आदेश पारित करते हुए अधिकारियों को सोचना चाहिये कि ये भी किसी एैसी ही यूनिवर्सिटी से पढ़कर आये होंगे, जहां का नक्शा नहीं पास होगा। इमरान ने जौहर यूनिवर्सिटी को लेकर कहा कि शिक्षा के इतने बड़े संस्थान को बचाने के लिये सभ्य समाज को आगे आना होगा वरना ये ज़ालिम सरकारें कुछ भी महफ़ूज़ नहीं रहने देंगी।

क्या है जौहर विश्वविद्यालय को लेकर आदेश

रामपुर विकास प्राधिकरण ने आजम खां के ड्रीम प्रोजेक्ट मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए परिसर में बने 38 भवनों के ध्वस्तीकरण का आदेश जारी किया है। प्राधिकरण ने इन भवनों को बिना मानचित्र स्वीकृत कराए निर्मित मानते हुए पूरी तरह अवैध घोषित किया है। गुरुवार को जौहर विश्वविद्यालय प्रबंधन को नोटिस भी तामिल करा दी गई। इसमें 15 दिन में खुद ध्वस्तीकरण करने की चेतावनी दी गई है। कहा गया है कि खुद ध्वस्त नहीं करने पर रामपुर विकास प्राधिकरण ध्वस्तीकरण करेगा और खर्च की वसूली भी की जाएगी।

जौहर विवि के कब्जे से मुक्त हुआ 3.5 किमी का फोरलेन

इससे पहले करीब 13.50 करोड़ की लागत से बनी फोरलेन सड़क पर प्रशासन ने कब्जा ले लिया। पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड के अधिकारियों ने जौहर विवि पहुंचकर आम रास्ता होने के बोर्ड लगवाए। 2003-04 में मुलायम सिंह के मुख्यमंत्री रहने के दौरान आजम खां ने जौहर विश्वविद्यालय के प्रस्तावित मानचित्र में मौजूद मुख्य द्वार से होते हुए लोक निर्माण विभाग से लगभग साढ़े तीन किमी लंबी सड़क का निर्माण करा लिया था।

प्रदेश में दोबारा सपा सरकार बनने पर आजम खां ने विश्वविद्यालय का निर्माण पूरा करा लिया। इसके बाद आजम ने मई 2016 में अपनी हनक की बदौलत त्वरित आर्थिक विकास योजना के तहत इस सड़क के चौड़ीकरण के लिए 17 करोड़ का बजट भी स्वीकृत करा लिया। 13.50 करोड़ से अधिक लागत से सड़क का चौड़ीकरण कराया गया।

विश्वविद्यालय को फायर विभाग का भी अंतिम नोटिस

वहीं, जौहर विश्वविद्यालय को अग्नि सुरक्षा मानकों में गंभीर खामियां मिलने के बाद दमकल विभाग ने गुरुवार को अंतिम नोटिस जारी किया है। विश्वविद्यालय प्रबंधन को सात दिन के भीतर आवश्यक अभिलेख उपलब्ध कराने और नोटिस का जवाब देने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित अवधि में जवाब नहीं मिलने पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।