अयोध्या कैंट पर ट्रेन की बोगी पर सिरफिरा युवक चढ़ा, बड़ा हादसा टला
अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन पर एक युवक ने ट्रेन नंबर- 13151 की छत पर चढ़कर अफरा तफरी मचाई। युवक को आरपीएफ और जीआरपी ने काफी मशक्कत के बाद नीचे उतारा। यह घटना सुबह हुई जब युवक अपने साथियों के साथ यात्रा कर रहा था। ट्रेन 40 मिनट तक रुकी रही और बाद में युवक को कानूनी कार्रवाई के लिए आरपीएफ को सौंपा गया।
अयोध्या, संवाददाता। अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन पर ट्रेन नंबर- 13151 सियालदह- जम्मूतवी की छत पर एक सिरफिरा युवक चढ़ गया। युवक ने हरकत से आरपीएफ और जीआरपी को आधा घंटा से अधिक छकाया और अफरा तफरी का माहौल रहा, हालांकि ट्रेन रोककर बिजली काटकर युवक को काफी मशक्कत के बाद नीचे उतारा गया और बड़ा हादसा टल गया। बुधवार को सुबह सियालदह एक्सप्रेस पर अयोध्या कोतवाली क्षेत्र के लवकुश नगर रामघाट निवासी सोनू कुमार पुत्र जयराम की हरकत से अफरा तफरी मच गई। बताया जाता है कि सोनू अपने दो साथियों के साथ ट्रेन से कहीं से आ रहा था और अयोध्या धाम जंक्शन पर उतरना था, लेकिन वहां नहीं उतरा।
अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन की बोगी पर चढ़ गया और दौड़ने लगा। यह हरकत देखकर यात्रियों में अफरा तफरी मच गई। ट्रेन को रोक दिया गया और सूचना पर आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक हरीश कुमार शाही और जीआरपी प्रभारी निरीक्षक अनिल प्रकाश सिंह मयफोर्स मौके पर पहुंच गए। युवक के हाई वोल्टेज तार में चिपकने के खतरे से बचाव के लिए पहले लाइन कटाई गई। उसके बाद काफी मसक्कत के बाद सोनू को उतारा गया। बताया जाता है कि ट्रेन लगभग 40 मिनट तक खड़ी रही। युवक को सकुशल जीआरपी ने आरपीएफ के हवाले कर दिया। अब आरपीएफ युवक पर विधिक कार्रवाई की तैयारी में है। युवक के ट्रेन से उतरने के बाद यात्रियों और रेल प्रशासन ने राहत की सांस ली। जीआरपी प्रभारी ने बताया कि युवक के बोगी पर चढ़ने की वजह नहीं पता चल सकी। ट्रेन सकुशल गंतव्य को रवाना हो गई है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


