गेंहू की मड़ाई के दौरान थ्रेसर में साड़ी फंसने से महिला गंभीर
Ayodhya News - बीकापुर तहसील के तारडीह गांव में एक 45 वर्षीय महिला थ्रेसर मशीन की चपेट में आ गई। घटना के समय वह गेहूं की मड़ाई कर रही थीं। उनकी साड़ी मशीन में फंस गई, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। परिजनों ने उन्हें ट्रामा सेंटर पहुंचाया। गांव में दहशत का माहौल है।

बीकापुर,संवाददाता। अयोध्या जिले के बीकापुर तहसील क्षेत्र के तारडीह मजरे देवा पट्टी गांव में गेहूं की मड़ाई के दौरान थ्रेसर मशीन की चपेट में आने से 45 वर्षीय महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार 45 वर्षीय सरोज पत्नी स्वर्गीय सत्य नारायण बुधवार की देर शाम खेत में गेहूं बटोरने का काम कर रही थीं। इसी दौरान उनकी साड़ी अचानक थ्रेसर मशीन के झन्ने में फंस गई,जिससे वह मशीन की चपेट में आ गईं। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार,घटना इतनी तेजी से हुई कि आसपास काम कर रहे मजदूर कुछ समझ पाते,उससे पहले ही महिला बुरी तरह फंस चुकी थी।
स्थिति भांपते हुए थ्रेसर चालक ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत ट्रैक्टर बंद कर दिया,जिससे बड़ा हादसा टल गया। शोर सुनकर आसपास काम कर रहे लोग मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद महिला को मशीन से बाहर निकाला गया। हादसे में महिला के गले में गंभीर चोट आई है,जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। परिजन उन्हें तत्काल दर्शन नगर स्थित ट्रामा सेंटर ले गए,जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। यह हादसा एक बार फिर खेतों में काम करते समय सुरक्षा मानकों की अनदेखी को उजागर करता है। विशेषज्ञों का कहना है कि थ्रेसर मशीन के पास ढीले कपड़े पहनकर काम करना बेहद खतरनाक हो सकता है।---
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


