
एसआईआर के लिए सौंपी बूथ स्तर की जिम्मेदारियां
Ayodhya News - अयोध्या में 17 और 18 जनवरी को विशेष अभियान चलाया जाएगा। भाजपा कार्यालय में हुई बैठक में पूर्व सांसद लल्लू सिंह और अन्य नेताओं ने मतदाता सूची को शुद्ध और पारदर्शी बनाने पर जोर दिया। सभी पदाधिकारियों को बूथ स्तर पर जिम्मेदारियां सौंपने का निर्णय लिया गया ताकि सभी पात्र मतदाता सूची में शामिल हों।
अयोध्या, संवाददाता। एसआईआर के द्वितीय चरण के अंतर्गत 17 व 18 जनवरी को विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान की तैयारियों को लेकर भाजपा कार्यालय सहादतगंज में पूर्व सांसद लल्लू सिंह, महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि आलोक सिंह रोहित एवं महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव की मौजूदगी में जिला पदाधिकारियों और मंडल अध्यक्षों के साथ बैठक हुई। बैठक में मतदाता सूची को शुद्ध और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से फार्म संख्या- छह भरवाने, बोगस मतदाताओं को चिन्हित करने तथा नए पात्र मतदाताओं को सूची में जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए सभी पदाधिकारियों को बूथ स्तर पर जिम्मेदारियां सौंपते हुए समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।
पूर्व सांसद लल्लू सिंह ने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता लोकतंत्र की मजबूती का आधार है। एसआईआर अभियान के माध्यम से हर पात्र नागरिक का नाम सूची में शामिल हो और अपात्र नाम हटें, यह सुनिश्चित करना सभी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ अभियान को सफल बनाएं। महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने कहा कि बूथ स्तर पर सतर्कता और सक्रियता से ही अभियान को सफलता मिलेगी। उन्होंने पदाधिकारियों से अपील की कि वे घर-घर संपर्क कर फार्म संख्या-छह भरवाने और मतदाता जागरूकता का कार्य करें, ताकि कोई भी पात्र मतदाता छूटने न पाए। बैठक में अभियान संयोजक तिलकराम मौर्या, अरविंद सिंह, अमल गुप्ता, मंडल अध्यक्ष हेमंत जायसवाल, रवि सोनकर, मुकेश तिवारी, कपिल देव वर्मा, दिव्य प्रकाश तिवारी, दिनेश मिश्र, अरूण तिवारी, आलोक द्विवेदी, बाल कृष्ण वैश्य, नंद कुमार सिंह, वरूण चौधरी, आशा गौड, यमुनोत्री केसरवानी मौजूद रही।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




